1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: ताजमहल को बम से उड़ाने की मिली धमकी, मच गया हड़कंप

यूपी: ताजमहल को बम से उड़ाने की मिली धमकी, मच गया हड़कंप

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Dec 03, 2024 03:41 pm IST,  Updated : Dec 03, 2024 04:10 pm IST

यूपी के आगरा में ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद पुलिस एक्टिव मोड में आ गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Taj Mahal- India TV Hindi
ताजमहल Image Source : PTI/FILE

आगरा: यूपी के आगरा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। आगरा के ताज महल को आज ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद का कहना है कि पर्यटन विभाग को ईमेल मिला है। उसके आधार पर ताजगंज थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है। आगे की जांच की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से स्कूल, ट्रेनों, होटलों और फ्लाइट्स को बम से उड़ाने की धमकी के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि इसमें से ज्यादातर धमकियां फर्जी पाई गई हैं। लेकिन ताजमहल विश्व प्रसिद्ध धरोहर है और उसे धमकी देने के मामले को बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है। 

सघन जांच अभियान चलाया जा रहा

धमकी के बाद ताजमहल के भीतर और बाहर के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। ताजमहल के भीतर सीआईएसएफ की टीम ने जांच की है और आसपास के इलाकों को खंगाला जा रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, धमकी वाले ईमेल में बम के फटने का समय भी दिया गया था। इसमें कहा गया था कि ताजमहल में बम लगा है। यह बम सुबह 9 बजे फटेगा। इस ईमेल के मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं और मामले की जांच में लग गई थीं। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए ताजमहल के पास सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया है और मेल करने वाले शख्स की पहचान की जा रही है। बम निरोधक दस्ता सहित अन्य टीमों ने ताजमहल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इस मामले के सामने आने के बाद ये सवाल उठने लगा है कि आखिर ये बम की धमकियों का सिलसिला कब खत्म होगा? पर्यटकों में भी इस खबर के बाद से डर का माहौल है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।