लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस के खाते में एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि जुड़ गई है। लखनऊ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक, किरण एस. को उनके वैश्विक सुरक्षा और अपराध जांच में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित 'इंटरपोल मेडल ऑफ एक्सीलेंस' (INTERPOL Medal of Excellence) के प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया है।
DGP ने दिया प्रमाणपत्र
पुलिस महानिदेशक (DGP), उत्तर प्रदेश, राजीव कृष्ण ने किरण एस. को यह प्रमाणपत्र प्रदान किया।
क्यों मिला यह सम्मान?
किरण एस. को यह वैश्विक सम्मान उनकी इंटरपोल (लियोन, फ्रांस) में प्रतिनियुक्ति के दौरान अंतरराष्ट्रीय अपराध जांच, सदस्य देशों के साथ प्रभावी सहयोग और वैश्विक सुरक्षा ढांचे को सुदृढ़ करने में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया है।
मोरक्को में हुई थी घोषणा
इस सम्मान की घोषणा पिछले वर्ष 24 से 27 नवंबर 2025 के बीच माराकेच (मोरक्को) में आयोजित इंटरपोल महासभा (INTERPOL General Assembly) के 93वें सत्र के दौरान की गई थी। बता दें कि इंटरपोल महासभा दुनिया का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठन है, जहां वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को चुना जाता है।