कन्नौज: यूपी के कन्नौज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां एक सिरफिरे आशिक ने अपनी प्रेमिका के बेटे को बंदूक की दम पर बंधक बना लिया। 8 घंटे तक ये ड्रामा चलता रहा लेकिन जब पानी सिर के ऊपर से निकल गया तो पुलिस ने इस सिरफिरे आशिक का हाफ एनकाउंटर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने बच्चे को सफलता के साथ रेस्क्यू कर लिया।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
यूपी के कन्नौज में एक सिरफिरे आशिक ने अपने प्यार को पाने के लिए हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका के बच्चे को तमंचे की नोंक पर बंधक बना लिया। पुलिस घंटों उसे समझाती रही लेकिन वो प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा और खुद को गोली मारने की धमकी देता रहा। पुलिस ने काफी देर की समझाइश के बाद आरोपी युवक को हाफ एनकाउंटर के बाद पकड़ा और उसके कब्जे से बच्चे को छुड़ा लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ने 4 महीने पहले तीन बच्चों की मां से कोर्ट मैरिज की थी, लेकिन कुछ दिन पहले किसी बात से नाराज होकर महिला उसे छोड़कर चली गई। महिला के भाग जाने से बौखलाया युवक अपनी प्रेमिका को मनाने की बजाय खौफनाक रास्ता चुन बैठा, जिसके चलते उसने उसके बच्चों को बंधक बना लिया।
अपने सिर में तमंचा लगाकर उसने साफ-साफ कह दिया कि जब तक उसकी प्रेमिका सामने नहीं आएगी, तब तक बच्चों को नहीं छोड़ेगा। इतना ही नहीं, आरोपी लगातार बच्चों की हत्या की धमकी भी देता रहा।
बार-बार कहता रहा ये बात
आरोपी युवक पुलिस के सामने एक ही बात कहता रहा कि अधिकारी मेरी समस्या का समाधान नहीं कर देगा सर। अर्चना आ जाएगी, हम तभी जाएंगे।अर्चना से हमारी एक ही रिक्वेस्ट है, मुझे एक जवाब दे दे।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक, प्रेमिका की बेवफाई से नाराज था, इसलिए उसने ऐसा कदम उठाया। (इनपुट: कन्नौज से सुरजीत कुशवाहा)