1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी को लेकर CM योगी ने जारी किए कड़े निर्देश, जानिए अगले एक हफ्ते तक कैसा रहेगा राज्य का मौसम

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी को लेकर CM योगी ने जारी किए कड़े निर्देश, जानिए अगले एक हफ्ते तक कैसा रहेगा राज्य का मौसम

 Reported By: Vishal Pratap Singh, Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 21, 2026 11:40 am IST,  Updated : May 21, 2026 11:47 am IST

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। अब राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गर्मी को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। आइए जानते हैं इस बारे में।

cm yogi up heatwave- India TV Hindi
सीएम योगी ने गर्मी को लेकर जारी किया निर्देश। (सांकेतिक फोटो) Image Source : PTI/ANI

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में बुधवार को 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया था। चौंकाने वाली बात ये भी रही कि भारत में सबसे अधिक तापमान 48 डिग्री सेल्सियस यूपी के बांदा में दर्ज किया गया है। ये तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा है। अब राज्य में भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं।

सीएम योगी के निर्देश

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे राहत-बचाव को लेकर सतर्क रहें। सीएम ने कहा है कि DM, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां अलर्ट मोड में रहें। वरिष्ठ अधिकारी अस्पतालों, पेयजल और बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष नजर रखें। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

'ऐसी कोई लापरवाही न करें, जिससे...'

इसके साथ ही सीएम योगी ने लू से बचाव के लिए जनता से सतर्क रहने की भी अपील की है। सीएम योगी ने कहा है कि बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। सूती या खादी के ढीले वस्त्र पहनें। सीएम ने कहा है कि सबसे आवश्यक बात, ऐसी कोई लापरवाही न करें, जिससे आग लगने का अंदेशा हो। सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा है कि वे श्रमिकों को थकावट, निर्जलीकरण व लू से बचाने पर विशेष ध्यान दें।

एक हफ्ते तक चलेगी लू

बुधवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 46.4 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 46.2 डिग्री सेल्सियस, झांसी में 45.9 डिग्री सेल्सियस, आगरा में 45.3 डिग्री सेल्सियस, उरई में 45.2 डिग्री सेल्सियस, मेरठ में 44 डिग्री सेल्सियस और कानपुर में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा वाराणसी, अलीगढ़, सुल्तानपुर और हरदोई में भी तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक राज्य में अनेक स्थानों पर भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। वेस्टर्न यूपी में 20 से 26 मई के दौरान, ईस्टर्न यूपी में 20 से 23 मई के दौरान भीषण लू चलने की संभावना है।

 

ये भी पढे़ें- प्रचंड गर्मी से आफत! बांदा समेत 27 शहरों में कल तापमान था 45 डिग्री के पार; IMD अलर्ट से जानें आज क्या होगा मौसम का हाल

'विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय में पूरा करो काम', PWD को CM योगी का सख्त संदेश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।