Sunday, February 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल का हार्ट अटैक से निधन, कल ही मनाया था बर्थडे

यूपी के भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल का हार्ट अटैक से निधन, कल ही मनाया था बर्थडे

Edited By: Subhash Kumar @ImSubhashojha Published : Jan 02, 2026 04:48 pm IST, Updated : Jan 02, 2026 07:05 pm IST

उत्तर प्रदेश में फरीदपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक श्याम बिहारी लाल का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने एक दिन पहले ही अपना बर्थडे मनाया था।

UP bjp mla shyam bihari lal death- India TV Hindi
Image Source : REPORTER भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल का निधन। (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश से दुखी कर देने वाली खबर सामने आ रही है। राज्य के बरेली जिले के फरीदपुर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल का निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक, विधायक श्याम बिहारी लाल को हार्ट अटैक आया था जिसके बाद शुक्रवार को मेडिसिटी में उनका निधन हो गया। दुखी कर देने वाली जानकारी ये भी सामने आई है कि गुरुवार को ही विधायक श्याम बिहारी लाल का जन्मदिन था।

कैसे हुआ विधायक का निधन?

बरेली मे बीजेपी विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का आज निधन हो गया। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और फरीदपुर विधानसभा इलाके से बीजेपी के दूसरी बार निर्वाचित विधायक श्याम बिहारी लाल की बरेली के सर्किट हाउस में अचानक ही तबीयत खराब हो गई। उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत पर तुरंत ही बरेली के मेडिसिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। 

बताया जा रहा है सर्किट हाउस में आज दोपहर को पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह पहुंचे थे और एक बैठक चल रही थी। इसी दौरान विधायक श्याम बिहारी लाल को  सीने में तेज दर्द उठा। हालत गंभीर देख सहयोगियों में हड़कंप मच गया। बिना देरी किए उन्हें मेडिसिटी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए तमाम चिकित्सकीय प्रयास किए, लेकिन तबियत लगातार बिगड़ती चली गई। काफी प्रयासो के बाद भी डॉक्टर उन्हें नहीं बचा पाए और इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। 

एक दिन पहले ही बर्थडे मनाया था

दुखद संयोग रहा कि श्याम बिहारी लाल ने एक दिन पहले ही अपना बर्थडे मनाया था। वह फरीदपुर विधानसभा इलाके से बीजेपी के टिकट पर लगातार दूसरी बार विधायक बने थे। इसके साथ ही वह विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर भी कार्यरत रहे। परिवार में उनकी दो बेटियां एक बेटा और पत्नी मंजूलता हैं।

पीएम मोदी ने जताया दुख

विधायक श्याम बिहारी लाल के निधन पर पीएम मोदी ने दुख जताते हुए कहा- "उत्तर प्रदेश के फरीदपुर के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे जनहित में समर्पित भाजपा के एक कर्मठ नेता थे, जिनके जाने से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति!"

सीएम योगी ने दुख जताया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक श्याम बिहारी लाल के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा- "जनपद बरेली के फरीदपुर विधान सभा क्षेत्र से माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!" (रिपोर्ट: विकास साहनी)

ये भी पढ़ें- यूपी में 12वीं तक के स्कूल इस तारीख तक रहेंगे बंद, बढ़ती ठंड को लेकर CM योगी ने दिया बड़ा आदेश

मशीन से नागरिकता चेक करने पर हंगामा! वायरल वीडियो में दिख रही रोशनी खातून ने बताई असली बात

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement