उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से बड़ी ही दर्दनाक घटना की खबर सामने आई है। गोंडा रेलवे स्टेशन पर एक संदिग्ध चोर को पकड़ने की कोशिश में रेलवे पुलिस यानी जीआरपी का सिपाही ट्रेन की चपेट में आ गया। इस हादसे में सिपाही के दोनों पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अधिकारियों ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। जानकारी के अनुसार, सिपाही पुलिस की हिरासत से भाग रहे एक संदिग्ध चोर को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे जब ये हादसा हुआ।
क्या है पूरा मामला?
अधिकारियों ने बताया है कि ये पूरी घटना मंगलवार को गोंडा जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर रात करीब 12 बजे हुई है। मऊ जिले के मूल निवासी व 2018 बैच के सिपाही आकाश सिंह (उम्र 29 वर्ष) ने मारपीट और कथित चोरी के आरोप में सुनील कुमार नाम के शख्स को हिरासत में लिया था। जब आरोपी को पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा था तब वह हाथ छुड़ाकर भागने लगा। उसी दौरान प्लेटफॉर्म पर डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन आ रही थी जिसमें आरोपी चढ़कर भागने का प्रयास करने लगा। सिपाही आकाश सिंह उसे पकड़ने के लिए दौड़े और हाथ पकड़कर उसे ट्रेन से नीचे खींच लिया। हालांकि, इसी दौरान वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की खाली जगह में गिर गए और ट्रेन की चपेट में आ गए।
सिपाही का इलाज जारी
इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने घायल सिपाही आकाश सिंह को जल्द से जल्द रेलवे के अस्पताल में पहुंचाया। यहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। हालांकि, यहां शुरुआती इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए सिपाही को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। वर्तमान में सिपाही का इलाज चल रहा है और उन्हें गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया है।
आरोपी भी पकड़ा गया
अधिकारियों ने बताया है कि इस घटना में शामिल आरोपी सुनील कुमार को पकड़ लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, घटना के दौरान वह भी घायल हो गया था। उसका भी मेडिकल कालेज में इलाज किया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ मारपीट, चोरी तथा पुलिस हिरासत से भागने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। दूसरी ओर GRP के एसपी ने गोरखपुर जोन के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपना एक दिन का वेतन पीड़ित सिपाही को दें। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- शादी बनी रणभूमि, बच्चों के झगड़े ने बारातियों और घरातियों को भिड़ाया, चलीं कुर्सियां-पत्थर; VIDEO वायरल