उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में हत्या और लूट की एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसे सुनने के बाद आप भी हैरान हो जाएंगे। जिले के कुतुलुपुर मोहल्ले में एक घर में टाइल लगाने का काम कर रहे मजदूरों ने महिला की हत्या कर दी और उसकी बेटी को बंधक बनाकर घर में लूटपाट को अंजाम दिया। घटना के सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों को पकड़ने के काम में जुट गई है। आइए जानते हैं इस पूरी वारदात के बारे में।
क्या है पूरी वारदात?
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, जसवंत नाम का मिस्त्री अपने भतीजे और कुछ अन्य मजदूरों के साथ मिलकर सुनीता नाम की एक महिला के घर में टाइल लगाने का काम रहा था। इसी दौरान उसने महिला की हत्या कर दी और उसकी बेटी का हाथ-पैर बांध दिया फिर घर में लूटपाट की।
महिला की बेटी ने पुलिस को बताया है कि मजदूर नीचे फोन पर बातचीत कर रहे थे। ये सुनकर महिला वहां गई। यहां मिस्त्री और मजदूरों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और बेटी को बंधक बनाकर पूरे लूटपाट की। पुलिस के मुताबिक, बेटी ने कोशिश कर के मुंह से कपड़ा हटाया और चिल्लाना शुरू किया। इसके बाद लूटपाट कर रहे मजदूर घर से भाग गए।
बेटी अस्पताल में भर्ती
युवती की चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई और युवती को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक समेत कई पुलिसकर्मियों ने भी हॉस्पिटल जाकर युवती से इस पूरी घटना की जानकारी ली है।
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
इस पूरी घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जानकारी दी है कि आरोपी तिर्वा के बलरामपुर गांव का रहने वाला है। आरोपी जसवंत और उसके भतीजे का फोन बंद है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- हवस में इतना अंधा, 15 साल की बेटी से कई बार किया बलात्कार, गर्भवती होने पर हुआ खुलासा
आजम खान को जेल से लाने गई 25 गाड़ियों के खिलाफ बड़ा एक्शन, 73500 रुपये का कटा चालान