1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Dev Deepawali: काशी में कल आस्था और अद्भुत दृश्य का होगा संगम, जानिए देव दीपावली को लेकर किस तरह की हैं तैयारियां?

Dev Deepawali: काशी में कल आस्था और अद्भुत दृश्य का होगा संगम, जानिए देव दीपावली को लेकर किस तरह की हैं तैयारियां?

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Nov 04, 2025 09:47 pm IST,  Updated : Nov 04, 2025 09:57 pm IST

देव दीपावली के मौके पर काशी के घाट दीपकों की रोशनी से नहा उठेंगे। यहां पर बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचेगे। देव दीपावली को लेकर काशी की सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त की गई है।

देव दीपावली पर सजे काशी के घाट- India TV Hindi
देव दीपावली पर सजे काशी के घाट Image Source : PTI

काशी में आस्था और अद्भुत दृश्य का संगम बुधवार को एक बार फिर देखने को मिलेगा। देव दीपावली के अवसर पर बुधवार, 5 नवंबर को पूरे वाराणसी के घाट दीपों की पंक्तियों से जगमगा उठेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी घाटों पर दीप प्रज्जवलन से शाम 5.15 से 5.50 बजे तक होगा। इसके बाद प्रमुख घाटों- नमो घाट, दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट और अस्सी घाट पर विशेष गंगा आरती शाम 6.00 से 6.50 बजे तक संपन्न होगी। 

घाटो पर होंगे लेजर शो

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि आरती के दौरान पूरे घाट क्षेत्र में मंत्रोच्चारण, घंटों की गूंज और दीपों की झिलमिलाहट से एक दिव्य वातावरण बनेगा। उन्होंने कहा कि चेत सिंह घाट पर दर्शकों के लिए तीन चरणों में प्रोजेक्शन एवं लेजर शो प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पहला शो शाम 6.15 से 6.45 बजे, दूसरा शाम 7.15 से 7.45 बजे और तीसरा शो रात 8.15 से 8.45 बजे तक चलेगा। 

गंगा के घाटों पर होगी ग्रीन आतिशबाजी

उन्होंने कहा कि यह शो काशी की पौराणिकता, अध्यात्म और संस्कृति को प्रकाश, ध्वनि और 3डी प्रभावों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रदर्शित करेगा। मंत्री सिंह ने कहा कि ललिता घाट के सामने रेती पर रात 8.00 से 8.15 तक होने वाली ग्रीन आतिशबाजी इस साल का प्रमुख आकर्षण रहेगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के अनुकूल इस आतिशबाजी में हानिकारक रसायनों का प्रयोग नहीं होगा, जिससे प्रदूषण न के बराबर रहेगा। उन्होंने कहा कि गंगा तट पर हरियाली, स्वच्छता और ‘हरित काशी’ का संदेश देते रंगों की बरसात इस कार्यक्रम को खास बनाएगी। 

घाटों और गलियों को सजाया जा रहा

उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन को लेकर सुरक्षा, सफाई और यातायात की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। घाटों और गलियों को सजाने के लिए पर्यटन विभाग ने नगर निगम से समन्यवय करके आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की है। इस तरह ग्रीन आतिशबाजी का यह क्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ काशी के संदेश को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करेगा। 

शहर की यातायात व्यवस्था सख्त

उन्होंने कहा कि गंगा तटों पर इस दौरान हजारों दीपों की रोशनी और आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी का संगम एक अलौकिक दृश्य रचेगा। शहर में सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। काशी में देवदीपावली का यह आयोजन हर साल की तरह इस बार भी भक्ति, संस्कृति और पर्यावरणीय जागरूकता का संदेश देने वाला रहेगा। 

काशी की आत्मा और आस्था का उत्सव

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, 'देव दीपावली काशी की आत्मा और आस्था का उत्सव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आज काशी अपने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक वैभव के साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारी का भी उदाहरण बन रही है। इस साल देव दीपावली में ग्रीन आतिशबाजी, लेजर शो और दीप प्रज्जवलन के माध्यम से हम पारंपरिक आस्था को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ रहे हैं।' (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।