उत्तर प्रदेश की पुलिस आपकी सेवा में सदैव तत्पर लेकिन तभी जब उनके जेब करारे नोटों से भरे हों। जब तक जेब में नोट नहीं भरा गया तब तो कोई पुलिस की तरफ से कोई सेवा नहीं मिलेगी। इसी नियत से काम कर रहे दो दरोगा जी लोगों का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें वे एक जमीनी विवाद को सुलझाने के लिए एक व्यक्ति से रिश्वत लेते दिख रहे हैं। जब दरोगा जी लोगों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो SP ने दोनों दरोगा जी लोगों को निलंबित कर दिया।
SP ने दरोगाओं को किया निलंबित
पूरा मामला उत्तर प्रदेश के भदोही जिले का है। जहां पुलिस महकमे की छवि पर उस समय सवाल खड़े हो गए, जब भदोही कोतवाली में तैनात दो सब इंस्पेक्टर का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने दोनों दरोगाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और पूरे प्रकरण की जांच एडिशनल एसपी को सौंप दी।
कैमरे में रिश्वत लेते हुए कैद
वायरल वीडियो में सब इंस्पेक्टर दिलशाद खान और सुभाष एक व्यक्ति से पैसे लेते हुए साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि दिलशाद खान के हाथ में एक नोट है और वह व्यक्ति से एक और नोट की मांग कर रहा है। इसके बाद वही व्यक्ति सब इंस्पेक्टर सुभाष को भी एक नोट देता दिखाई दे रहा है। सूत्रों के मुताबिक, यह रिश्वत एक जमीनी विवाद को सुलझाने के एवज में ली जा रही थी।
SP ने दोनों दरोगाओं को किया निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने दोनों दरोगाओं को निलंबित कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं है और इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। एसपी ने बताया कि इस मामले की जांच एडिशनल एसपी को सौंपी गई है और जांच के बाद ही इस प्रकरण की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
(भदोही से शरद रमेश मौर्य की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
बिल्डिंग की लिफ्ट में फंसा बच्चा, रोते हुए मदद मांगने का VIDEO आया सामने; किया गया रेस्क्यू