Thursday, March 12, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. CM योगी ने चरखा चलाकर बापू को किया याद, बोले- लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है अहिंसा

CM योगी ने चरखा चलाकर बापू को किया याद, बोले- लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है अहिंसा

Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1 Published : Oct 02, 2023 01:29 pm IST, Updated : Oct 02, 2023 01:29 pm IST

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर दोनों विभूतियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता को दी श्रद्धांजलि - India TV Hindi
Image Source : @MYOGIADITYANATH योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता को दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है, जिसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में पूरी दुनिया इसे देख चुकी है। योगी आदित्यनाथ ने दोनों विभूतियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व और राष्ट्रहित में उनके अविस्मरणीय योगदान को याद करते हुए कृतज्ञता व्यक्त की।

माल्यार्पण व पुष्पांजलि कर भावभीनी श्रद्धांजलि

बापू के सत्य और अहिंसा के संदेश का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। एक सरकारी बयान के मुताबिक, बापू की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर के टाउनहॉल स्थित उनकी प्रतिमा पर रामधुन के बीच माल्यार्पण व पुष्पांजलि कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर उन्होंने शास्त्री चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि कर उन्हें नमन किया। 

गोलघर के गांधी आश्रम भी गए सीएम योगी

बापू की जयंती पर मुख्यमंत्री गोलघर के गांधी आश्रम भी पहुंचे और चरखा चलाकर उन्हें याद किया। उन्होंने गांधी आश्रम में सूत कातने की विधि को देखने, जानकारी लेने, खादी व ग्रामोद्योग के उत्पादों का अवलोकन करने के बाद खादी के वस्त्र भी खरीदे। गांधी आश्रम में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में पूरी दुनिया इसे देख चुकी है। उन्होंने कहा कि पूरा देश आजादी के महानायक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 154वीं जयंती पर उन्हें नमन कर रहा है। 

"अंग्रेजों को देश छोड़ने को मजबूर कर दिया"

उन्होंने कहा, "बापू ने पूरी दुनिया को सत्य व अहिंसा का मार्ग दिखाकर यह संदेश दिया कि लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करते हुए दुनिया की बड़ी से बड़ी ताकत को झुकाया जा सकता है। महात्मा गांधी ने स्वदेशी, सत्य व अहिंसा का पालन करते हुए उन अंग्रेजों को देश छोड़ने को मजबूर कर दिया, जिनके बारे में कहा जाता था कि उनके राज में सूर्य अस्त नहीं होता।" मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों व निकायों में स्वच्छांजलि का कार्यक्रम चल रहा है। 

"स्वच्छता का अभियान भी बहुत अहम था"

सीएम ने कहा, "स्वदेशी, स्वावलंबन, सत्य व अहिंसा का जो मार्ग महात्मा गांधी ने दिखाया था, उसके साथ ही उनके लिए स्वच्छता का अभियान भी बहुत अहम था। स्वच्छांजलि का कार्यक्रम बापू के इसी अभियान से प्रेरित है।" मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि जय जवान-जय किसान का उद्घोष कर सुरक्षा के साथ आत्मनिर्भरता का आह्वान करने वाले शास्त्री जी बापू के परम अनुयायी भी थे। इस मौके पर सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल आदि भी मौजूद थे।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement