सोशल मीडिया पर एक हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला। जहां एक कौवा एक बच्चे के साथ फुटबॉल खेलते नजर आया। यह बेहद ही दुर्लभ नजारा अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कौआ और एक बच्चा एक साथ फुटबॉल खेलते नजर आ रहे हैं। यह वायरल वीडियो सोशल साइट एक्स पर @thegoanonline नामक अकाउंट से पोस्ट किया गया है। जिसमें बताया गया है कि यह दुर्लभ नजारा दक्षिण गोवा में किसी जगह का है।
दक्षीण गोवा का बताया जा रहा है यह वीडियो
वीडियो के कैप्शन में लिखा है- "एक दुर्लभ वीडियो में, दक्षीण गोवा में कहीं पर एक कौआ एक बच्चे के साथ फुटबॉल खेलता हुआ दिखाई दे रहा है। यह कितना खूबसूरत है!" वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक छोटा बच्चा धीरे-धीरे फुटबॉल को कौए की ओर किक करता है, और कौआ अपनी चोंच से बॉल को वापस उसकी तरफ किक करता है। दोनों के बीच यह पासिंग का खेल कुछ देर तक चलता रहता है, जो देखने में बेहद ही मनमोहक है।
वीडियो देख दंग रह गए लोग
इस वीडियो को अब तक 27 हजार लोगों ने देखा है। इस वीडियो ने सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत लिया। लोग इस अनोखे दृश्य को देखने के बाद दंग रह गए। कई लोगों ने वीडियो पर मजेदार कमेंट्स कर अपनी खुशी जाहिर की। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "ऐसा नजारा हर रोज देखने को नहीं मिलता।" दूसरे ने कहा- "ऐसा लग रहै जैसे कौवा पालतू है। जो बिना डर और भय के लड़के के साथ फुटबॉल खेल रहा है।" तीसरे ने लिखा- "लगता है कौवा अपने पिछले जन्म में फुटबॉलर रहा होगा।" चौथे ने लिखा- "क्या यह खिलाड़ी रविवार को आ पाएगा? हमें एक स्ट्राइकर चाहिए जो हेडिंग में माहिर हो।" ऐसे ही एक और कमेंट में एक यूजर ने कौए को "क्राउनाल्डो" और "क्राउनाल्डिन्हो" जैसे मजेदार नाम दिए गए, जो फुटबॉल की दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों क्रिस्टियानो रोनाल्डो और रोनाल्डिन्हो की ओर इशारा करते हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें: