असम के नलबाड़ी जिले में एक व्यक्ति ने अपनी "आज़ादी" का जश्न मनाने के लिए दूध से नहाया और इस अनोखे जश्न का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। यह जश्न इसलिए मनाया गया क्योंकि इस शख्स का उसकी पत्नी से तलाक हो गया, जिसके बाद वह अपनी आजादी की खुशी में 40 लीटर दूध से नहाकर खुद को पवित्र कर लिया। शख्स का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में शख्स को दूध से भरी बाल्टी से नहाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में दिख रहे शख्स का नाम माणिक अली है। वीडियो में माणिक अली को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, "मैं आज से आज़ाद हूँ।"
प्रेमी के साथ बार-बार भाग जाती थी पत्नी
मामले को माणिक अली ने बताया कि उसकी बीवी का किसी गैर-मर्द के साथ अवैध संबंध था। शख्स का दावा है कि उसकी पत्नी पहले दो बार भाग चुकी थी, जिसके बाद उसने अपनी नाबालिग बेटी की खातिर उसे दोनों बार वापस लौटने के लिए मना लिया था। लेकिन उसे इस बात का डर हमेशा सताता था कि वह फिर से कहीं भाग ना जाए, इसलिए उसने अपनी पत्नी से तलाक के लिए कानूनी रास्ता अपनाया, जो कुछ दिन पहले मंजूर हो गया।
लोगों ने वीडियो पर कमेंट कर दी अपनी प्रतिक्रिया
जैसे ही अली को अपने तलाक की खबर मिली, उन्होंने इस मौके को इस अनोखे तरीके से मनाने का फैसला किया। उन्होंने चार बाल्टियों में 40 लीटर दूध इकट्ठा किया और उससे नहाया, और बार-बार कहते रहे, "मैं आज से आज़ाद हूँ।" यह वीडियो सोशल मीडिया पर छा गया। शख्स के इस वीडियो पर तमाम लोगों ने कमेंट किया और अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी। जहां कुछ लोगों ने इसे मजेदार बताया तो कुछ ने दूध की बर्बादी पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, "भाई, दूध से नहाने की जगह गरीबों को बाँट देते, आजादी का जश्न और स्वादिष्ट होता।" वहीं, दूसरे ने कहा, "जब दिल टूटे, तो दूध से नहाकर ही सुकून मिलता है।" तीसरे ने लिखा, "भाई ने दूध में डूबकर गम को डुबो दिया।" चौथे ने कहा, "अब अगला तलाक वाला 50 लीटर दूध से नहाएगा, रिकॉर्ड तोड़ने की रेस शुरू।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
कनाडा में नदी किनारे भारतीयों ने की गंगा आरती, मामले को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस