बचपन में मम्मी-पापा से लेकर टीचर्स तक सब लोग हमें हमारी हैंडराइटिंग सुधारने को लेकर बहुत बोलते थे। कहते थे कि सुंदर राइटिंग से एग्जाम में अच्छे मार्क्स मिलते हैं। ऐसे में हम अपनी राइटिंग सुधारने की बहुत कोशिश करते थे। इन तमाम कोशिशों के बाद भी कई लोगों की राइटिंग में कोई सुधार देखने को नहीं मिलता था। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी लड़की से मिलवाने जा रहे हैं। जिसकी लिखावट इस पूरी दुनिया में सबसे सुंदर है। लड़की की लिखावट इतनी परफेक्ट है कि देखकर ऐसा लगता है जैसे किसी ने कंप्यूटर टाइप किया हो। इस लड़की की हैंडराइटिंग को दुनिया की सबसे सुंदर हैंडराइटिंग का खिताब मिल चुका है। चलिए अब आपको इस "हैंडराइटिंग क्वीन" से मिलाते हैं।
कैसे दुनिया के सामने आई इस लड़की की हैंडराइटिंग
इनका नाम प्रकृति मल्ला है। जो नेपाल की रहने वाली हैं। प्रकृति मल्ला की तब दुनिया के सामने आईं, जब 2017 में उनका एक स्कूल असाइनमेंट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उस वक्त वे महज 14 साल की थीं और नेपाल के भक्तपुर में सैनिक आवासीय महाविद्यालय में कक्षा 8वीं की छात्र थीं। स्कूल असाइनमेंट में उनकी लिखावट की साफ-सफाई, सिमेट्री, और परफेक्शन ने सोशल मीडिया यूजर्स को हैरत में डाल दिया। लोग कन्फ्यूज हो गए कि ये असाइनमेंट हाथ से लिखा है या कंप्यूटर से टाइप किया गया है क्योंकि उनकी हैंडराइटिंग बिल्कुल किसी कंप्यूटर के फॉन्ट की तरह ही है।

नेपाल और UAE की तरफ से मिला सम्मान
प्रकृति की हैंडराइटिंग में हर अक्षर इतना सधा हुआ है कि लाइन्स, कर्व्स, और स्पेसिंग बिलकुल प्रिंटेड टेक्स्ट जैसी लगती है। उनकी लिखावट को देखकर बड़े-बड़े हैंडराइटिंग एक्सपर्ट्स ने दांतों तले उंगली दबा ली। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और असाइनमेंट की कॉपियां वायरल होने लगीं, और देखते ही देखते प्रकृति "दुनिया की सबसे सुंदर हैंडराइटिंग वाली लड़की" बन गईं। प्रकृति की इस अनोखी प्रतिभा ने न सिर्फ इंटरनेट यूजर्स, बल्कि बड़े-बड़े संगठनों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा। नेपाल की सेना ने उनकी लिखावट को "राष्ट्रीय गौरव" का प्रतीक मानते हुए उन्हें सम्मानित किया। इतना ही नहीं, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने अपने 51वें "स्पिरिट ऑफ द यूनियन" समारोह के लिए प्रकृति को एक हस्तलिखित बधाई पत्र लिखने का मौका दिया। इस पत्र को उन्होंने यूएई दूतावास में खुद सौंपा, और इसके लिए उन्हें विशेष सम्मान भी मिला।

यूएई दूतावास ने शेयर किया ये पोस्ट
सोशल मीडिया पर प्रकृति मल्ला को सम्मानित करते हुए यूएई दूतावास ने एक पोस्ट शेयर की और उसमें लिखा, "प्रकृति मल्ला, जिनकी हैंडराइटिंग को दुनिया की सबसे सुंदर माना जाता है, ने यूएई के लिए बधाई पत्र लिखा।" इस ट्वीट ने उनकी फैन फॉलोइंग को और बढ़ा दिया। नेपाल में नेशनल लेवल पेनमैनशिप कंपटीशन जीतने वाली प्रकृति की लिखावट को नेपाल सरकार ने भी देश की सबसे खूबसूरत लिखावट का दर्जा दिया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें: