दो शहरों में लंबे समय तक रहने वाले एक कपल ने अपनी जिंदगी के अनुभवों को शेयर कर बेंगलुरु और दिल्ली की तुलना की है। वांचा और सक्षम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने बेंगलुरु में बिताए चार साल और दिल्ली में बिताए छह साल की तुलना की। सुरक्षा के मामले में उन्होंने साफ कहा कि बेंगलुरु हर लिहाज से बेहतर है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
वीडियो में किया पूरा एक्सप्लेन
इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को @pathandpassports नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो की शुरुआत वांचा ने इन शब्दों से की—“हमें बैंगलोर में रहते हुए चार साल हो गए हैं...” और सक्षम ने आगे बढ़ाया—“दिल्ली में बिताए हमारे छह साल के मुकाबले।” दोनों ने खाने-पीने, सुरक्षा, म्यूजिक, ट्रैफिक और हवा की क्वालिटी जैसे कई पहलुओं पर अपनी राय रखी। खाने की बात करते हुए सक्षम ने बेंगलुरु के पोडी इडली, मसाला डोसा और फिल्टर कॉफी का जिक्र किया। वांचा ने माना कि दिल्ली स्टाइल बटर चिकन और गार्लिक नान की कमी महसूस होती है। उन्होंने कहा, “बट, मैन, दिल्ली-स्टाइल बटर चिकन एंड गार्लिक नान इज मिसिंग!”
सुरक्षा बना सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट
सुरक्षा का मुद्दा सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट बना। वांचा ने अपने अनुभव के आधार पर कहा, “सुरक्षा के मामले में बैंगलोर को पूरे नंबर मिलते हैं। मुझे यहाँ पूरी तरह सुरक्षित महसूस होता है, जबकि दिल्ली में रात 9 बजे के बाद बाहर निकलने में डर लगता था।” यह बात कई महिलाओं के अनुभवों से मेल खाती है, जो दिल्ली में देर रात घूमने को लेकर सतर्क रहती हैं।
बेंगलुरु में क्या सबसे बेस्ट
कपल ने बेंगलुरु के आसपास के माहौल और हवा की क्वालिटी की भी तारीफ की। सक्षम ने कहा कि यहां वे दक्षिण भारतीय पहाड़ियों से घिरे हुए हैं। वांचा ने जोड़ा, “An AQI of 30!” और दोनों ने मिलकर कहा—“और इतनी हरियाली!” यानी यहां AQI 30 है और हरियाली बहुत है। दिल्ली की तुलना में बेंगलुरु की हवा साफ और हरा-भरा माहौल बेहतर लगता है। दोनों ने शहर के माहौल, नाइटलाइफ और अन्य सुविधाओं पर भी बात की, लेकिन सुरक्षा और पर्यावरण के मामले में बेंगलुरु को स्पष्ट रूप से आगे रखा। वीडियो में दोनों ने संतुलित नजरिया रखते हुए दोनों शहरों की खूबियों और खामियों का जिक्र किया। दिल्ली का खाना और कुछ सांस्कृतिक पहलू उन्हें याद आते हैं, लेकिन रोजमर्रा की जिंदगी में सुरक्षा और साफ हवा बेंगलुरु को बेहतर बनाते हैं।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ यूजर्स ने कपल के अनुभव से सहमति जताई और कहा कि बेंगलुरु में महिलाओं को ज्यादा आजादी महसूस होती है। कुछ ने दिल्ली की मेट्रो कनेक्टिविटी, खाने की विविधता और सांस्कृतिक जीवन की तारीफ की। कई लोगों ने दोनों शहरों में ट्रैफिक की समस्या का जिक्र किया। कुछ ने कहा कि सुरक्षा की भावना व्यक्तिगत अनुभव पर निर्भर करती है और किसी एक शहर को पूरी तरह सुरक्षित या असुरक्षित नहीं ठहराया जा सकता।
एक यूजर ने लिखा कि, 'दिल्ली का खाना तो लाजवाब है।'
दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'सुरक्षा बहुत मायने रखती है।'
तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'दोनों शहरों की अपनी-अपनी खासियत है।'
गौरतलब है कि, इससे पहले बेंगलुरु में 5 सबसे बड़े खर्चों के बारे में बताते शख्स का वीडियो वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
चार साल बाद बेंगलुरु लौटे व्यक्ति को बिजली कटौती से लगा गहरा सदमा, एक्स पर शेयर किया दर्द