केरल के अदूर में स्थित ऑल सेंट्स पब्लिक स्कूल में आयोजित एक फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में एक छोटे से बच्चे ने अपनी अनोखी परफॉर्मेंस से सबका दिल जीत लिया। इस मजेदार प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, और बच्चे की रचनात्मकता की हर तरफ तारीफ हो रही है। इंस्टाग्राम यूजर @kailash_mannady द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में एक नन्हा छात्र शुतुरमुर्ग के रूप में सजा-धजा नजर आ रहा है। उसका पहनावा इतना शानदार था कि सिर से पांव तक वह एक जीवंत शुतुरमुर्ग जैसा लग रहा था, जिसमें बड़ी चोंच, पंख और लंबी टांगें थीं।
स्टेज पर टहलता नजर आया नन्हा शुतुरमुर्ग
चूंकि आउटफिट के कारण बच्चा ठीक से देख नहीं पा रहा था, इसलिए दो शिक्षकों ने उसे स्टेज तक पहुंचाने में मदद की और प्रदर्शन के दौरान उसका साथ दिया। जैसे ही यह नन्हा "शुतुरमुर्ग" स्टेज पर टहलता हुआ आया, लोग खुशी के मारे झूम उठे। वीडियो का सबसे मजेदार पल तब आया जब इस "शुतुरमुर्ग" ने स्टेज पर "अंडा दे डाला।" जिसे देखकर लोग हंसते-हंसते लोटपोट हो गए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है और अब तक इसे करीब 3 करोड़ बार देखा जा चुका है।
नन्हे कलाकार की क्रिएटिविटी और परफॉर्मेंस ने जीता सबका दिल
यूजर्स इस नन्हे कलाकार की क्रिएटिविटी और परफॉर्मेंस की तारीफ करते नहीं थक रहे। एक यूजर ने मजाक में कहा, "इसे ऑस्कर मिलना चाहिए!" वहीं, दूसरे ने लिखा, "यह परफॉर्मेंस और क्रिएटिविटी लाजवाब है।" कुछ यूजर्स ने इस अनोखे आइडिया का श्रेय बच्चे के पिता को दिया, तो किसी ने कहा, "मेरी तरफ से फर्स्ट प्राइज!"यह नन्हा शुतुरमुर्ग न सिर्फ स्टेज पर, बल्कि लोगों के दिलों में भी अपनी छाप छोड़ गया। उसकी मासूमियत और क्रएटिविटी ने साबित कर दिया कि छोटे बच्चे भी बड़े-बड़े कारनामे कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
पाकिस्तान के GenZ भी कमाल के हैं, आजादी दिवस के मौके पर लड़की ने गाया सैयारा मूवी का गाना
पहली प्राइवेट नौकरी पर सरकार देगी 15000 रुपये, जानें किसे और कैसे मिलेगा ये पैसा