भारत में घूमने के लिए ऐसी अनगिनत जगहें हैं जहां पर एक बार टूर करना लोगों का ड्रीम होता है। इन जगहों की खूबसूरती भारत ही नहीं बल्कि, दुनिया भर में प्रसिद्ध है। यही वजह है कि, कई बार भारत आने वाले विदेशी टूरिस्ट भी इनकी तारीफ करते हुए नजर आते हैं। इसी खूबसूरत जगहों में से एक जगह लेह-लद्दाख भी है, जहां जाने के लिए हर युवा उत्साहित रहता है। हाल ही में लेह-लद्दाख में वर्क वेकेशन मना रहे एक कपल ने वीडियो शेयर किया है। यहां कुल 96,600 रुपये खर्च करने वाले कपल ने लद्दाख में आए खर्च का विवरण शेयर किया है। कपल का वीडियो दिखाने के साथ-साथ हम आपको ये भी बताएंगे कि, वर्क वेकेशन आखिर क्या होता है ?
पहले वर्क वेकेशन के बारे में जानें
गौरतलब है कि, वर्क वेकेशन का अभिप्राय 'काम करते हुए छुट्टी मनाने' से है। इसमें लोग अपने दफ्तर से लीव लिए बिना ही अपनी मनपसंद जगह से अपने ऑफिस का काम करते हैं। इसमें ऑफिशियल टाइमिंग की बजाय अपने अनुकूल समय पर काम किया जाता है और बाकी समय में छुट्टी का आनंद लिया जाता है। वर्क वेकेशन में लोग आमतौर पर प्राकृतिक या पर्यटन स्थल से ऑफिस का काम आसानी से कर लेते हैं। इससे लोगों को फायदा ये होता है कि उन्हें पेड लीव नहीं लगानी पड़ती है। इसके अलावा नए और खूबसूरत माहौल में रहने से मानसिक थकान और तनाव घटता है। वहीं, वर्क वेकेशन में बदला हुआ मिलने से रिफ्रेश होने को मिलता है।
कपल ने लद्दाख में मनाया वर्क वेकेशन
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @anjali.aur.naman नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में कपल ने बताया कि उन्होंने वर्क वेकेशन पर 96,600 रुपये खर्च किए हैं। इस वर्क वेकेशन के खर्चों में होमस्टे, भोजन, स्कूटर का किराया और मनाली से लेह तक की यात्रा और दिल्ली के लिए वापसी की उड़ान शामिल थी। कपल ने बताया कि उन्होंने शुरू में सोचा था कि उन्हें 15,000 या अधिकतम 20,000 रुपये में होमस्टे मिल जाएगा। हालांकि, उन्हें "ठीक-ठाक रहने" के लिए एक महीने के 30,000 रुपये चुकाने पड़े। कपल ने बताया कि उन्होंने अपने आवास के लिए प्रति रात 1000 रुपये का भुगतान किया।
शेयर किया लद्दाख वर्क वेकेशन का खर्च
कपल ने अपने खर्चों का विस्तृत ब्यौरा दिया। खाने पर वे प्रति माह 9,000 रुपये और किराए के स्कूटर पर ₹2,100 खर्च करते थे। दंपति ने बताया कि मेजबान के स्कूटर का मुफ्त इस्तेमाल करके उन्होंने पैसे बचाए। उनके मुताबिक, ब्रेकफास्ट और ग्रॉसरी पर ₹2,500 और बाहर खाने-पीने का मन किया तो ₹5,000 खर्च हुए। कपल ने लद्दाख आने-जाने पर खर्च किए गए पैसे को भी शामिल किया। वे बोले कि, “हमने लद्दाख का एक छोटा सा दौरा किया। उसमें हमें लगभग ₹30,000 अतिरिक्त खर्च करने पड़े। तो इस हिसाब से लद्दाख में दो लोगों के लिए रहने, काम करने और घूमने का खर्च ₹6,600 आता है। क्या यह खर्च जायज है?”
कौन है ये कपल
अंजलि और नमन डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। उनके द्वारा संयुक्त रूप से संचालित इंस्टाग्राम पेज के बायो में लिखा है कि वे एक "कॉर्पोरेट कपल" हैं। उनके यूट्यूब बायो में लिखा था, “हाय, हम अंजली और नमन हैं, नवविवाहित सबसे अच्छे दोस्त। इस चैनल के माध्यम से, हम यात्रा के अनुभव, रोजमर्रा के पल, सच्ची बातचीत और जीवन को खास बनाने वाली छोटी-छोटी बातें साझा करते हैं।”
गौरतलब है कि, इससे पहले मुजफ्फरनगर से स्पीति घाटी तक ई-रिक्शा से गए युवक का वीडियो वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -