हिमाचल प्रदेश के मनाली के पास सियाल गांव में करीब 71 दिन बिताने के बाद दिल्ली के युवक अजय शर्मा गोवा शिफ्ट हो गए। रिमोट जॉब करने वाले इस शख्स ने इंस्टाग्राम पर अपने अनुभव और महीने के खर्च का विस्तार से खुलासा किया है। उनके वीडियोज वायरल हो गए हैं और सभी वीडियोज को मिलाकर देखें तो तकरीबन 20 लाख ज्यादा लोगों ने देखा है। अजय बताते हैं कि बीच से महज दो-तीन मिनट की दूरी पर 3BHK विला में रहकर उनका कुल मासिक खर्च करीब 30,000 रुपये आता है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @a4ajayyyyy नामक हैंडल से शेयर किया गया है। अजय शर्मा ने अगस्त 2026 में गोवा आने की घोषणा की और कुछ दिनों बाद अपने नए घर का टूर शेयर किया। उन्होंने कहा, “मैं 3BHK विला में रह रहा हूं। मेरे पास अपना कमरा है जिसमें वाई-फाई, अच्छा वर्क डेस्क और अटैच्ड बाथरूम है। शेयर्ड किचन, डाइनिंग एरिया और लिविंग स्पेस भी है। बैकयार्ड गार्डन भी है। सबसे अच्छी बात यह है कि बीच सिर्फ दो-तीन मिनट की पैदल दूरी पर है। सुबह-शाम लहरें और सनसेट मेरी जिंदगी का हिस्सा बन गए हैं।”
दिल्ली और मनानी के मुकाबले राशन महंगा
अजय ने खर्च का पूरा ब्रेकडाउन दिया है। विला का किराया उन्हें 15,000 रुपये प्रति माह पड़ता है। राशन दिल्ली और मनाली के मुकाबले थोड़ा महंगा है। पहले हफ्ते में उन्होंने करीब 1,500 रुपये खर्च किए, यानी महीने का ग्रॉसरी खर्च लगभग 6,000 रुपये। जिम की फीस 2,000 रुपये मासिक है। गोवा में घूमने-फिरने के लिए स्कूटर जरूरी है। ऑफ-सीजन होने के कारण उन्हें 4,500 रुपये मासिक में स्कूटर किराए पर मिला। हाउसमेट के साथ शेयर करने से उनका हिस्सा सिर्फ 2,250 रुपये आता है। पेट्रोल का खर्च हफ्ते का करीब 300 रुपये यानी महीने का 1,200 रुपये। अन्य छोटे-मोटे खर्च हफ्ते के 1,200 रुपये के हिसाब से करीब 5,000 रुपये मासिक हो जाते हैं। इन सबको जोड़कर अजय का कुल मासिक खर्च लगभग 30,000 रुपये बैठता है। वे कुछ महीनों के लिए गोवा में रहने की योजना बना रहे हैं।
पहाड़ से समुद्र किनारे शिफ्ट क्यों?
अजय ने हिमाचल में शांत जिंदगी का आनंद लिया था, लेकिन गोवा की बीच लाइफ, रिमोट वर्क के लिए अनुकूल माहौल और आजादी ने उन्हें आकर्षित किया। उनके वीडियो में सुबह की सैर, वर्कआउट और बीच वॉक साफ दिखती है। रिमोट वर्कर्स के लिए गोवा आकर्षक जगह बनता जा रहा है क्योंकि यहां काम और वैकेशन दोनों मिलते हैं। अजय का अनुभव उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो शहर की भागदौड़ छोड़कर शांत जगह शिफ्ट होना चाहते हैं। 30 हजार रुपये में बीच के पास आरामदायक जिंदगी संभव है, बशर्ते बजट और सीजन का ध्यान रखा जाए। गौरतलब है कि, गोवा में किराया लोकेशन के हिसाब से बदलता है। नॉर्थ गोवा के पॉपुलर इलाकों में महंगा हो सकता है, जबकि थोड़ा अंदर की तरफ सस्ता। ग्रॉसरी, ट्रांसपोर्ट और यूटिलिटीज शहरों के मुकाबले थोड़े अलग होते हैं।
बता दें कि, इससे पहले इसी शख्स ने एक वीडियो में मनाली छोड़ने की वजह बताई थी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -