1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. शुतुरमुर्ग के एक अंडे में कितने ऑमलेट बन सकते हैं? जवाब जानकर घूम जाएगा आपका दिमाग

शुतुरमुर्ग के एक अंडे में कितने ऑमलेट बन सकते हैं? जवाब जानकर घूम जाएगा आपका दिमाग

 Published : Jan 24, 2026 02:08 pm IST,  Updated : Jan 24, 2026 02:24 pm IST

शुतुरमुर्ग का एक अंडा मुर्गी के लगभग 24 अंडों के बराबर होता है। इससे बड़ी संख्या में ऑमलेट बनाए जा सकते हैं। यह अंडा बेहद बड़ा, पौष्टिक और कैलोरी से भरपूर होता है, लेकिन भारत में दुर्लभ है।

ostrich egg omelette, how many omelettes from ostrich egg- India TV Hindi
शुतुरमुर्ग के अंडे आकार में एक छोटे फुटबॉल के बराबर होते हैं। Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL

Ostrich Egg Omelette: क्या आपने कभी सोचा है कि दुनिया का सबसे बड़े पक्षी शुतुरमुर्ग का अंडा कितना बड़ा होता है और उससे क्या-क्या बन सकता है? अफ्रीका में पाए जाने वाले दुनिया के सबसे बड़े पक्षी शुतुरमुर्ग का अंडा देखकर आपको हैरानी हो सकती है। आज हम आपको बताएंगे कि शुतुरमुर्ग का अंडा कितना बड़ा होता है और इसके एक अंडे से आप कितने ऑमलेट बना सकते हैं। बता दें कि दुनिया के कई इलाकों में शुतरमुर्ग के अंडे खानपान में इस्तेमाल किए जाते हैं, हालांकि भारत में इनका मिलना बेहद मुश्किल है।

मुर्गी के 24 अंडों के बराबर शुतुरमुर्ग का एक अंडा

सबसे पहले हम शुतुरमुर्ग के अंडे के आकार को समझते हैं। एक शुतुरमुर्ग का अंडा औसतन 1.4 से 2 किलोग्राम वजन का होता है। इसकी लंबाई करीब 15-18 सेंटीमीटर और चौड़ाई 12-15 सेंटीमीटर होती है, और यह एक छोटे फुटबॉल जितना बड़ा लगता है। अगर हम तुलना करें तो एक सामान्य मुर्गी के अंडा लगभग 50-60 ग्राम का होता है। यानी, एक शुतुरमुर्ग का अंडा मुर्गी के 24 अंडों के बराबर होता है। शुतुरमुर्ग के अंडे का छिलका 1.5 मिलीमीटर मोटा होता है और यह एक आम इंसान का वजन सह सकता है।

Ostrich
Image Source : PEXELS REPRESENTATIONALशुतुरमुर्ग दुनिया का सबसे बड़ा पक्षी है।

शुतुरमुर्ग के एक अंडे से कितने ऑमलेट बनेंगे?

अब हम आते हैं असली सवाल पर कि शुतुरमुर्ग के एक अंडे से कितने ऑमलेट बन सकते हैं? बता दें कि एक सामान्य ऑमलेट बनाने के लिए मुर्गी के  2-3 अंडे लगते हैं, जो एक व्यक्ति के लिए काफी होता है। अगर हम मुर्गी के 24 अंडों के बराबर शुतुरमुर्ग के अंडे को देखें, तो 2 अंडों वाले ऑमलेट के हिसाब से इससे कुल 12 ऑमलेट बन सकते हैं। वहीं, अगर 3 अंडों वाला ऑमलेट बनाएं, तो इससे 8 ऑमलेट निकलेंगे। इस तरह माना जा सकता है कि शुतुरमुर्ग के एक अंडे से 10-12 लोग आराम से ऑमलेट खा सकते हैं।

ऑमलेट बनाने के लिए हथौड़ा भी रखें तैयार

शुतुरमुर्ग का अंडा न सिर्फ बड़ा होता है, बल्कि पौष्टिक भी होता है। इसमें प्रोटीन और फैट भरपूर मात्रा में होता है। शुतुरमुर्ग के एक अंडे में लगभग 2000 कैलोरी और 100-168 ग्राम प्रोटीन होता है। इसमें विटामिन बी12, राइबोफ्लेविन और फोलिक एसिड भी भरपूर होता है। हालांकि, इसे पकाना आसान नहीं है। अंडे का छिलका तोड़ने के लिए ड्रिल या हथौड़े की जरूरत पड़ सकती है। दुनिया में कुछ फार्म्स से आप इसे खरीद सकते हैं, लेकिन भारत में यह दुर्लभ है। यानी कि आप चाहकर भी भारत में आसानी से शुतुरमुर्ग के अंडे का ऑमलेट नहीं खा सकते।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।