ओडिशा के पुरी स्थित 12वीं सदी के प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर में सोमवार दोपहर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार ‘सिंहद्वार’ के पास खड़ी एक महिला श्रद्धालु का वैनिटी बैग अचानक एक बंदर ने झपट लिया और देखते ही देखते वह ‘गुमुटा’ यानी प्रवेश द्वार के ऊपर बने गुंबदनुमा ढांचे पर चढ़ गया। जानकारी के मुताबिक, महिला अपने परिवार के साथ सिंहद्वार के पास खड़ी थी। तभी एक बंदर तेजी से आया, उनका बैग छीनकर ऊपर चढ़ गया। अचानक हुई इस घटना से महिला और उनके परिजन घबरा गए, क्योंकि बैग में कैश पैसे और जरूरी दस्तावेज रखे होने की बात कही जा रही है।
गुंबद पर जाकर बैठ गया बंदर
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बंदर को महिला के बैग के साथ मंदिर के गुंबद पर देखा जा सकता है। बंदर जब गुंबद पर बैठकर बैग पकड़े रहा, तो परिवार के लोग उसे नीचे लाने की कोशिश करते रहे। इसी दौरान एक पुरुष रिश्तेदार ने जोखिम उठाते हुए गुमुटा पर चढ़ने का फैसला किया। हाथ में एक डंडा लेकर वह ऊपर पहुंचा और बंदर को भगाने की कोशिश करने लगा। बंदर कथित तौर पर काफी आक्रामक हो गया था। कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई, क्योंकि बंदर इधर-उधर तेजी से घूम रहा था । इससे मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सामने आया घटना का वीडियो
काफी मशक्कत के बाद बंदर ने बैग नीचे गिरा दिया। बैग को तुरंत नीचे से उठा लिया गया। बैग में रखा कुछ नकद भी सुरक्षित मिल गया। राहत की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। युवक भी सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने राहत की सांस ली। इस घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का मानना है कि इतना संवेदनशील और ऐतिहासिक ढांचा होने के बावजूद कोई व्यक्ति इतनी आसानी से गुमुटा पर कैसे चढ़ गया?क्या सुरक्षाकर्मियों का ध्यान भक्तों पर नहीं था? फिलहाल, मंदिर प्रशासन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। (इनपुट- शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें-
मोबाइल की बैटरी में हुआ जोरदार धमाका, बाल-बाल बचा दुकानदार; सामने आया VIDEO