मुरमुरा, वो हल्का-फुल्का, कुरकुरा स्नैक, जिसे बच्चे-बड़े, बूढ़े-जवान, सब चटकारे लेकर खाते हैं। बिहार में इसे भूंजा कहकर पुकारते हैं, तो बंगाल में झालमुरी के मसालेदार स्वाद में लोग डूब जाते हैं। चाय के साथ हो या बच्चों के टिफिन में, मुरमुरा हर मौके का साथी है। लेकिन रुकिए जरा! क्या आपने कभी सोचा कि ये कुरकुरा मुरमुरा आपकी थाली तक पहुंचने से पहले किन-किन गलियों, किन-किन गंदे रास्तों से गुजरता है? हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने मुरमुरे की दुनिया का ऐसा काला सच खोलकर रख दिया है, जिसे देखकर आपका मन शायद इसे दोबारा चखने से पहले सौ बार सोचे।
मुरमुरा बनाने का यह वीडियो हो रहा वायरल
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @foodie_incarnate नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वायरल वीडियो में मुरमुरे बनाने की प्रक्रिया को दिखाया गया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि मुरमुरा बनाने का सारा खेल धूल-मिट्टी भरे, गंदे माहौल में होता है। चावल को भूनने से लेकर पफ करने तक, हर कदम पर हाइजीन का ऐसा टोटा है कि देखकर ही जी मचल जाए। मजदूर चावल को पैरों से रौंदते हुए उसकी ‘सफाई’ करते हैं। भूनने के बर्तन? वे गंदगी से अटे पड़े हैं। पफ करने के बाद चावल को जमीन पर फैलाया जाता है, जहां धूल, कीड़े-मकड़े और न जाने क्या-क्या उसमें जाते हैं। फिर यही मुरमुरा बोरियों में भरकर बाजारों में पहुंच जाता है।
मुरमुरा बनाने की प्रक्रिया
यह कोई रॉकेट साइंस नहीं है। चावल को पहले भिगोया जाता है, फिर भूना जाता है, और आखिर में हाई प्रेशर में गर्म करके पफ किया जाता है। अगर ये सब साफ-सुथरे, नियंत्रित माहौल में हो, तो मुरमुरा सचमुच एक हेल्दी और मजेदार स्नैक हो सकता है। लेकिन हकीकत? छोटे-मोटे कारखानों में साफ-सफाई का नामोनिशान नहीं। भारत में खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) को ऐसी प्रक्रियाओं पर नजर रखनी चाहिए, लेकिन लोकल बाजारों और छोटे कारखानों में नियमों की धज्जियां उड़ती हैं।
तो अब क्या करें?
तो क्या मुरमुरे से तौबा कर लें? अरे, ऐसा भी नहीं! बस थोड़ा स्मार्ट बनने की जरूरत है। ये रहे कुछ टिप्स ताकि आपका मुरमुरा कुरकुरा भी रहे और सेहतमंद भी:
1. पैकेज्ड मुरमुरा लें: हमेशा FSSAI सर्टिफाइड, अच्छी तरह पैक किया हुआ मुरमुरा खरीदें। ब्रांडेड पैकेट्स पर भरोसा करें, खुले मुरमुरे से तौबा करें।
2. घर पर बनाएं: प्रेशर कुकर और थोड़ा सा चावल लें, और घर पर ही साफ-सुथरा मुरमुरा तैयार करें। यूट्यूब पर ढेरों रेसिपी मिल जाएंगी, ट्राई करके देखें।
3. जागरूक बनें: खुले में बिकने वाला मुरमुरा खरीदने से पहले विक्रेता से पूछें कि ये कहां से आया। अगर जवाब में वो हकलाए, तो समझ जाएं कि गड़बड़ है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
मगरमच्छ को हल्के में ले रहा था कुत्ता, जब जबड़े में अटकी जान तो पतली हो गई हालत
पापा की परियों को भी पीछे छोड़ गया मम्मा का यह मगरमच्छ, Viral Video देख नहीं रुकेगी आपकी हंसी