बेंगलुरु की आसमान छूती किराए की दरों से परेशान आईटी प्रोफेशनल्स के लिए पुणे की एक लिस्टिंग हैरानी का सबब बन गई है। एक बेंगलुरु-आधारित टेक्नीशियन (इंजीनियर) ने रेडिट पर पुणे में 3BHK फ्लैट के एक बड़े कमरे का किराया सिर्फ 9,000 रुपये महीना देखकर अपनी प्रतिक्रिया वायरल कर दी। उन्होंने लिखा, 'बेंगलुरु वाला दिमाग चकरा गया, क्रैश हो गया और सेफ मोड में रीस्टार्ट हो गया।'
एक्स पर शेयर की पोस्ट
इस पोस्ट को एक्स पर @misalpavv नामक हैंडल से शेयर किया गया है। शख्स ने मजाक में कहा कि बेंगलुरु के किराए की तुलना में यहाँ का किराया कितना अलग है। "मेरा बेंगलुरु वाला दिमाग चकरा गया, क्रैश हो गया और सेफ मोड में रीस्टार्ट हो गया।" विज्ञापन में बताया गया था कि अपार्टमेंट पूरी तरह से सुसज्जित है और इसमें नौकरानी, रसोइया, वाशिंग मशीन और फ्रिज जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं। कुछ उपयोगकर्ताओं का मानना था कि अतिरिक्त खर्चों के बावजूद, स्थान और सुविधाओं के हिसाब से यह व्यवस्था उचित मूल्य प्रदान करती है। इस पोस्ट को तीन लाख से अधिक बार देखा गया क्योंकि लोगों ने पुणे और बेंगलुरु में किराए की कीमतों पर चर्चा की, खासकर उन क्षेत्रों में जहां कई युवा पेशेवर और आईटी कर्मचारी रहते हैं।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
चर्चा उस खास फ्लैट तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि आवास की बढ़ती कीमतों के व्यापक मुद्दे पर भी केंद्रित हो गई। एक यूजर ने चेतावनी दी कि लगातार बढ़ती संपत्ति की कीमतें अंततः लोगों के लिए घर खरीदना मुश्किल बना सकती हैं।
दूसरे ने कहा कि, “वह दिन आएगा जब घर इतने अधिक हो जाएंगे कि उन्हें किराए पर लेने या खरीदने के इच्छुक या सक्षम लोगों की तुलना में घरों की संख्या अधिक हो जाएगी, क्योंकि रियल एस्टेट की कीमतें इतनी बढ़ जाएंगी। तब रियल एस्टेट का बुलबुला आखिरकार फूट जाएगा।”
बेंगलुूरु में आसमान छू रही कीमतें
बेंगलुरु में आईटी हब होने के कारण किराए बहुत ऊंचे हो गए हैं। कई इलाकों में एक कमरे या छोटे फ्लैट का किराया 30,000 से 40,000 रुपये या उससे भी ज्यादा हो जाता है। सिक्योरिटी डिपॉजिट भी 6 से 11 महीने तक मांग ली जाती है। ऐसे में पुणे की यह लिस्टिंग देखकर बेंगलुरु के कई प्रोफेशनल्स हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने टिप्पणी की कि बेंगलुरु में इतने पैसे में तो शायद छोटा सा कमरा भी मुश्किल से मिले। यह घटना आईटी शहरों में हाउसिंग अफोर्डेबिलिटी पर चर्चा छेड़ गई है। बेंगलुरु में तेजी से बढ़ती आबादी, सीमित सप्लाई और हाई सैलरी वाले प्रोफेशनल्स की मांग के कारण किराए आसमान छू रहे हैं। पुणे भी आईटी हब है, लेकिन वहां किराए अपेक्षाकृत कम हैं। कई युवा प्रोफेशनल्स अब पुणे जैसे शहरों में शिफ्ट होने पर विचार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि, इससे पहले पुणे के फ्लैट में लोगों को आ रही दिक्कतों से जुड़ी पोस्ट वायरल हुई थी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
'क्या मैं बहुत ज्यादा किराया दे रही हूं?' बेंगलुरु की महिला ने ₹60,000 महीने वाले अपने फ्लैट को दिखाकर पूछा; Video