इस वक्त सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक ढाबे पर खाना खाने रुके फौजियों का स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। लोगों ने सैनिकों पर फूलों की बारिश की और तालियां बजाकर उनका मनोबल बढ़ाया। वायरल हो रहा यह वीडियो उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले का बताया जा रहा है। जहां शिवा नामक ढाबे पर सेना के जवान खाना खाने रुके थे। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें ढाबे पर देखा तो उनका मन भर आया और उन्होंने देश के जवानों का फूल बरसाकर, तालियां बजाकर, और "भारत माता की जय" के नारे लगाकर स्वागत किया। साथ ही सैनिकों के सम्मान में उनको पानी ओर कोल्डड्रिंक आदि भी दिया गया।
देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान का वीडियो हुआ वायरल
वीडियो में लोगों को सैनिकों का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में साफ तौर पर जनता के बीच देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान देखा जा सकता है। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया के हर एक प्लेटफॉर्म पर जमकर शेयर किया जा रहा है। हमने ये वीडियो सोशल साइट एक्स से @gharkekalesh नामक अकाउंट से लिया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। वीडियो में सीमा सशस्त्र बल (SSB) के जवान नजर आ रहे हैं। जिनकी टुकड़ी हापुड़ से होते हुए दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान जब सेना के जवान हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित शिवा ढाबे पर रुके तो वहां मौजूद लोगों के साथ ढाबा संचालक ने सेना के जवानों का सम्मान करते हुए उन पर पुष्प वर्षा की।
सेना के जवानों को देखकर लोगों में भरा उत्साह
वायरल वीडियो के बारे में ढाबे के मैनेजर ने बताया कि जब सीमा सुरक्षा बल के जवान हापुड़ के रास्ते दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जवानों की टुकड़ी उनके ढाबे पर खाने के लिए पहुंची। सेना के जवानों को देखकर वहां मौजूद लोगों में उत्साह भर गया और सभी उनके सम्मान में भारत माता की जय के नारे लगाने लगे। खाना खाने के बाद सभी जवानों को पुष्प वर्षा करके विदाई दी गई। साथ ही वहां मौजूद लोगों ने जवानों को कोल्ड ड्रिंक और पानी आदि की बोतले देते हुए तालियां बजाकर उनका उत्साह वर्धन भी किया और उनको थैंक यू बोलते हुए देश सेवा के लिए उनका आभार व्यक्त किया। सेना के जवानों ने भी लोगों के सम्मान को स्वीकार करते हुए वहां मौजूद लोगों से हाथ मिलाए और सभी जवान भारत माता की सेवा करने के लिए अपने गंतव्य को रवाना हो गए।
लोगों ने कहा- हमारे लिए गर्व का पल
वीडियो को देख लोगों ने ढाबे वाले और स्थानीय लोगों की देशभक्ति की खूब तारीफ की। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा- हमें उत्तर प्रदेश के लोगों पर गर्व है। जय हिंद। दूसरे ने लिखा- भारतीय सेना जिंदाबाद, ये हमारे लिए गर्व का पल है। सैनिकों को सम्मान देने में स्थानीय लोगों के साथ-साथ शिवा ढाबा के स्टाफ ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। सैनिकों के सम्मान के इस वीडियो को वहां मौजूद एक यात्री ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ढाबे के मैनेजर ने यह भी बताया कि इस वीडियो के वायरल होने के बाद उनके पास काफी लोगों के फोन आ रहे हैं जो उनके द्वारा किए गए इस सम्मान की सराहना कर रहे हैं।
(हापुड़ से निशांक शर्मा की रिपोर्ट)
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें: