हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी से एक चौंका देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां साईं रोड पर स्थित एक मशहूर ढाबे के कुक की शर्मनाक हरकत का वीडियो कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि वह रोटी बनाते समय उस पर बार-बार थूकता नजर आ रहा है। इस रोटी को बाद में तंदूर में सेंककर ग्राहकों को परोसा जा रहा था। इस घिनौनी हरकत ने लोगों के बीच आक्रोश पैदा कर दिया। लोग उस ढाबे और उसके कुक पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।
रोटी पर थूकते कुक का वीडियो वायरल
36 सेकंड के इस वीडियो को ढाबे के पास से गुजर रहे एक युवक ने शूट किया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुक रोटी बनाते समय उस पर थूक रहा है। वीडियो बनाने वाले युवक पंजाबी भाषा में बात करते हुए सुनाई दे रहे हैं, जिसमें एक युवक दूसरे से कहता है, "तू देख रहा है, साफ नजर आ रहा है।" यह वीडियो सड़क से जूम करके बनाया गया है, जो ढाबे के कुक के इस शर्मनाक हरकत को दिखा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर कड़ा रोष जताया है और ढाबे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना की निंदा कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "ऐसे घिनौने कृत्य समाज को जहरीला बना रहे हैं। ऐसों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।"
मामले पर पुलिस ने लिया संज्ञान
पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी है। बद्दी पुलिस ढाबा संचालक और कुक से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि इस मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। यह ढाबा अपने चिकन के लिए स्थानीय लोगों में काफी लोकप्रिय है, लेकिन इस घटना ने इसकी साख पर गंभीर सवाल उठा दिए हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खाने-पीने के प्रतिष्ठानों पर नियमित जांच हो ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
(बद्दी से रेशमा कश्यप की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: