Sonbhadra Bride Exam: यूपी में सोनभद्र के दुद्धी क्षेत्र की प्रियंका कुमारी ने विवाह के तुरंत बाद परीक्षा केंद्र पहुंचकर शिक्षा के प्रति समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की। एमए फर्स्ट सेमेस्टर की छात्रा प्रियंका की शादी 20 फरवरी को विंढमगंज क्षेत्र के पतिरिहा गांव निवासी शैलेश के साथ संपन्न हुई। शादी की तिथि पहले से तय थी, लेकिन बाद में जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 21 फरवरी की सुबह उनकी परीक्षा निर्धारित हो गई। इसके बावजूद, प्रियंका ने परीक्षा नहीं छोड़ी।
दुल्हन को एग्जाम सेंटर लेकर खुद पहुंचा दूल्हा
रातभर चली विवाह की रस्मों के बाद सुबह प्रियंका ने परीक्षा देने की इच्छा जताई, जिसका उनके पति ने पूरा समर्थन किया। पारंपरिक विदाई से पहले दूल्हा खुद अपनी नवविवाहिता को बी. आर. डी. पी. जी. कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र लेकर पहुंचा, जहां दुल्हन ने लाल जोड़े में ही अपनी कॉपी लिखी। शिक्षा के प्रति यह समर्पण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
परीक्षा की तिथि आने से पहले ही तय हो चुकी थी शादी
नवविवाहिता और छात्रा प्रियंका ने बताया कि वह एमए हिंदी की परीक्षा देने आई थीं। उनकी शादी पहले ही तय हो चुकी थी। लेकिन बाद में जब एग्जाम का टाइम टेबल आया तो पता चला कि परीक्षा तो शादी के अगले दिन ही है। यानी शादी के बाद ससुराल जाने से पहले परीक्षा देना जरूरी है वर्ना एग्जाम छूट जाता।
ससुराल जाने से पहले एग्जाम सेंटर आई दुल्हन
उन्होंने आगे बताया कि शादी के तुरंत बाद ससुराल जाने के बजाय उन्होंने परीक्षा देने का फैसला किया। इस निर्णय में उन्हें अपने पति का भी साथ मिला और वह परीक्षा के वक्त एग्जाम सेंटर के बाहर खड़े रहे। उनका इंतजार करते रहे। दुल्हा-दुल्हन में ऐसी आपसी समझ और पढ़ाई के प्रति इन लगन की हर कोई तारीफ कर रहा है।
(इनपुट- परमेश्वर दयाल)
ये भी पढ़ें- 'शादी में तो जाना पड़ेगा', बच्चे ने मासूमियत के साथ टीचर को बताई वजह; वायरल हो रहा VIDEO