अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रेत कलाकार और पद्मश्री सम्मानित सुदर्शन पटनायक ने फ्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन स्मित माछर (Smit Machchhar) की बहादुरी को सलाम करते हुए पुरी बीच पर एक खास रेत कलाकृति बनाई है। इस कलाकृति में कैप्टन माछर का चित्र और संदेश लिखा है- “कैप्टन स्मित मच्छार को सलाम- आप जल्दी ठीक हों!”
इंस्टाग्राम पर शेयर की गई पोस्ट
इस पोस्ट को इंस्टाग्राम पर @sudarsansand नामक हैंडल से शेयर किया गया है। इस पोस्ट को शेयर करते हुए सुदर्शन ने लिखा कि, “हम कैप्टन स्मित मच्छार को उनकी असाधारण बहादुरी, बलिदान और दूसरों की रक्षा के लिए अटल संकल्प के लिए सलाम करते हैं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने, शक्ति और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करते हैं। ओडिशा के पुरी बीच पर मेरी रेत कला एक हार्दिक संदेश लेकर आई है: कैप्टन स्मित मच्छार को सलाम। जल्द स्वस्थ हों!”
यूजर्स ने भी की तारीफ
सुदर्शन पटनायक की इस कलाकृति ने सोशल मीडिया पर काफी प्रशंसा बटोरी है। लोग कैप्टन मच्छार की बहादुरी और कलाकार की भावनात्मक श्रद्धांजलि दोनों की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि कला के माध्यम से राष्ट्र की भावना व्यक्त करना सुदर्शन पटनायक की खासियत है। वे नियमित रूप से समसामयिक मुद्दों और महान व्यक्तित्वों पर रेत कलाकृतियां बनाते रहे हैं।
स्मित मच्छार की बहादुरी के आगे दुनिया नतमस्तक
यह कलाकृति उस घटना के बाद बनी है जिसमें सितंबर के अंत में दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड-1073 में को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने साहस दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे क्रू सदस्य और एक यात्री हमलावर को काबू करने में सफल रहे। विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। उड़ान में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे शामिल थे। सभी यात्रियों की जान बच गई।
कैप्टन स्मित ने बढ़ाया भारत का मान
इस घटना ने भारत, इजरायल, यूएई समेत कई देशों में कैप्टन मच्छार को हीरो बना दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उनकी पत्नी और परिवार से बात कर बहादुरी की सराहना की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी उन्हें गौरवान्वित भारतीय बताया।
कौन हैं स्मित मच्छार
कैप्टन स्मित मच्छार मुंबई निवासी हैं और उनकी जड़ें गुजरात से जुड़ी हैं। उनके पास 13 साल से अधिक का कॉमर्शियल फ्लाइट का अनुभव है और लगभग 9,750 उड़ान घंटे पूरे कर चुके हैं, जिनमें ज्यादातर बोइंग 737 विमान शामिल हैं। पहले वे स्पाइसजेट में लाइन ट्रेनिंग कैप्टन रह चुके हैं और 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े। हमले के बाद उन्हें तबुक से दुबई एयरलिफ्ट किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार वे खतरे से बाहर हैं और स्वस्थ हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें -