1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. शादी पर दूल्हा-दुल्हन को गिफ्ट में मिला नीला ड्रम, मेरठ कांड की यादों को ताजा कर गया दोस्तों का यह कारनामा

शादी पर दूल्हा-दुल्हन को गिफ्ट में मिला नीला ड्रम, मेरठ कांड की यादों को ताजा कर गया दोस्तों का यह कारनामा

 Written By: Pankaj Yadav @ThePankajY
 Published : Apr 19, 2025 01:32 pm IST,  Updated : Apr 19, 2025 01:32 pm IST

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक शादी में दूल्हा-दुल्हन को उनके दोस्तों ने गिफ्ट के तौर पर एक नीला ड्रम भेंट कर दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। गिफ्ट देना भले ही दोस्तों की मस्ती का हिस्सा रही हो, लेकिन यह हमें सोचने पर मजबूर करती है कि हास्य और संवेदनशीलता के बीच की रेखा कितनी महीन है।

शादी पर दोस्तों ने गिफ्ट में दिया नीला ड्रम- India TV Hindi
शादी पर दोस्तों ने गिफ्ट में दिया नीला ड्रम Image Source : SOCIAL MEDIA

मेरठ में हुए सौरभ हत्या कांड के बाद नीला ड्रम अचानक से सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। शहर में नीले ड्रम का इतना खौफ हो गया कि मेरठ में नीले ड्रम के व्यवसायी नीला ड्रम बेचने से पहले ग्राहक का आधार कार्ड मांगने लगे। नीले ड्रम को खरीदने की वजह जानने के बाद ही नीला ड्रम बेचा जाने लगा। सोशल मीडिया पर नीले ड्रम का ट्रेंड अब रियल ट्रेंड बनता नजर आ रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि एक शादी में दूल्हा के दोस्तों ने कपल को गिफ्ट के तौर पर नीला ड्रम दे दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। 

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में थी शादी

वीडियो से मिली जानकारी के मुताबिक, मामला उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले का बताया जा रहा है। जहां एक शादी समारोह में दूल्हे के दोस्तों ने दूल्हा-दुल्हन को उपहार के तौर पर एक बड़ा सा नीला ड्रम भेंट किया। दोस्तों के इस उपहार को देख बाराती-घराती हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर भी लोगों के लिए यह कौतूहल का विषय बन गया। दोस्तों के इस कारनामे ने एक बार फिर से मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड की भयावह यादों को ताजा कर दिया। इस घटना की वजह से लोगों के बीच हंसी और डर दोनों का माहौल बना हुआ है।

दोस्तों ने कपल को गिफ्ट में दिया नीला ड्रम

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हमीरपुर में आयोजित इस शादी समारोह में जयमाल के दौरान स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन खड़े हैं। पूरा माहौल खुशनुमा है। बारी-बारी से मेहमान दूल्हा-दुल्हन के साथ तस्वीरें खींचा रहे हैं। इसी क्रम में दूल्हे के कुछ दोस्त स्टेज पर अपने हाथ में एक बड़ा नीला ड्रम लेकर पहुंचते हैं और उसे दूल्हा-दुल्हन को तोहफे के रूप में पेश करते हैं। गिफ्ट देने के बाद दोस्त दूल्हा-दुल्हन के साथ हंसी-ठिठोली करते हुए तस्वीरें खिंचवाते हैं। 

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

यह नजरा देख जहां दूल्हा सकपका गया, वहीं, दुल्हन अपनी हंसी नहीं रोक पाई। इस अनोखे गिफ्ट को लेकर बाराती और घराती भी चर्चा करने लगे। इसी बीच किसी ने इस पल को अपने कैमरे में कैद कर लिया, और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो पर लोगों ने रिएक्ट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। जहां कई यूजर्स ने इसे मेरठ कांड से जोड़कर गंभीर प्रतिक्रियाएं दीं। तो वहीं कई लोगों ने इसे हल्के-फुल्के अंदाज में लिया। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "दोस्तों ने मजाक में नीला ड्रम दे दिया, लेकिन मेरठ कांड की यादें अभी भी डराती हैं।" वहीं, एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, "यह मजाक नहीं, बल्कि एक गंभीर घटना का मजाक उड़ाना है।"

ताजा हो गईं सौरभ हत्याकांड की यादें

सौरभ हत्याकांड के बाद से नीला ड्रम सोशल मीडिया पर मीम्स और रील्स का हिस्सा बन चुका है। नीला ड्रम देखते ही लोगों के जेहन में तुरंत ही मेरठ का चर्चित सौरभ हत्याकांड आ जाता है। हालांकि, हमीरपुर की इस शादी में नीला ड्रम गिफ्ट करने का दोस्तों का यह कारनामा मजाक में किया गया एक प्रैंक का हिस्सा था, फिर भी कई लोगों ने इस प्रैंक पर अपनी आपत्ति जताई। मालूम हो कि मेरठ में मुस्कान नाम की महिला ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत की बेरहमी से हत्या कर दी थी। हत्या के बाद मुस्कान और उसके प्रेमी ने सौरभ के शव को टुकड़ों में काटकर एक नीले ड्रम में भर दिया था और उसे सीमेंट से पैक कर दिया था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढें:

ऐसी कौन सी औरत है जिसे ये हमेशा पता होता है कि उसका पति कहां है? इस वायरल पहेली का जवाब देना सबके बस की बात नहीं

घर पर बैठे बोर हो रहा था शख्स, डेटिंग ऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लगा दी लड़की की फोटो, आशिकों की लग गई लाइन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।