1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. पेट्रोल पंप पर सोते रहे कर्मचारी, चोर खिड़की से घुसकर एक लाख रुपए से ज्यादा चुरा ले गया, CCTV में कैद हुई वारदात

पेट्रोल पंप पर सोते रहे कर्मचारी, चोर खिड़की से घुसकर एक लाख रुपए से ज्यादा चुरा ले गया, CCTV में कैद हुई वारदात

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 25, 2026 11:05 pm IST,  Updated : Aug 25, 2026 11:05 pm IST

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक पेट्रोल पंप पर चोर ने खिड़की से घुसकर एक लाख रुपए से ज्यादा चुरा लिए और फरार हो गया। इसका सीसीटीवी भी सामने आया है।

Maharashtra- India TV Hindi
चोर खिड़की से घुसकर एक लाख रुपए से ज्यादा चुरा ले गया Image Source : REPORTER INPUT

चंद्रपुर: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। चंद्रपुर जिले के गडचांदूर शहर में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पेट्रोल पंप की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गडचांदूर शहर के राजीव गांधी चौक स्थित पेट्रोल पंप पर आधी रात को एक चोर खिड़की के रास्ते केबिन में घुसा और वहां सो रहे तीन कर्मचारियों को भनक तक नहीं लगी। इसी दौरान चोर ने 1 लाख 2 हजार रुपए पर हाथ साफ किया और मौके से फरार हो गया। चोरी की यह पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त की रात रोजाना का काम निपटाने के बाद पेट्रोल पंप के तीन कर्मचारी केबिन में सो रहे थे। इसी दौरान 24 अगस्त की मध्यरात्रि के आसपास एक चोर खिड़की के रास्ते केबिन में दाखिल हुआ। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह चोर कर्मचारियों के बेहद करीब से गुजरता रहा लेकिन किसी की भी नींद नहीं खुली। 

रात के सन्नाटे में जहां मामूली आहट भी आसानी से सुनाई दे सकती थी वहीं आरोपी ने बेहद सावधानी से चोरी को अंजाम दिया। सोते हुए कर्मचारियों को लांघते हुए चोर ड्रॉअर तक पहुंचा, उसमें रखी 1 लाख 2 हजार की नकदी निकाली और जिस खिड़की से अंदर आया था उसी रास्ते से बाहर निकल गया। चोर की यह ‘साइलेंट चोरी’ अब शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

सुबह कर्मचारियों की नींद खुलने के बाद जब ड्रॉअर से नकदी गायब मिली तो पेट्रोल पंप पर हड़कंप मच गया। तत्काल गडचांदूर पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया।

CCTV फुटेज में आरोपी की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। इस मामले में गडचांदूर पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक शिवाजी कदम ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। आरोपी फिलहाल फरार है लेकिन पुलिस को उसके संभावित लोकेशन की जानकारी मिल चुकी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

हालांकि पुलिस जांच का एक और पहलू भी सामने आया है कि क्या इस चोरी में पेट्रोल पंप के किसी कर्मचारी की मिलीभगत थी? इस एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है कि केबिन में तीन कर्मचारी मौजूद होने के बावजूद चोर का इतनी आसानी से अंदर घुसना, नकदी तक पहुंचना और फिर बिना किसी प्रतिरोध के फरार हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में गडचांदूर पुलिस स्टेशन के थानेदार शिवाजी कदम के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम युद्धस्तर पर जुटी हुई है। अब पुलिस की नजर आरोपी की गिरफ्तारी के साथ-साथ इस बात पर भी है कि इस ‘साइलेंट चोरी’ के पीछे अकेला चोर था या फिर अंदर से किसी ने रास्ता साफ किया था।

इससे पहले उदयपुर में ज्वैलरी शोरूम से करीब 1 करोड़ के गहने चोरी हुए थे। इसका सीसीटीवी भी सामने आया था।  (इनपुट: मिलिंद दिन्डेवार)

ये भी पढ़ें-

ऑनलाइन गेम में हुआ 9 लाख रुपए का कर्ज तो किराएदार ने मकान मालिक के घर की चोरी, पुलिस ने दबोचा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।