1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. यूपी: शोभायात्रा में हनुमान बनकर आया युवक ईदगाह की मस्जिद पर चढ़ा, VIDEO वायरल

यूपी: शोभायात्रा में हनुमान बनकर आया युवक ईदगाह की मस्जिद पर चढ़ा, VIDEO वायरल

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Feb 16, 2026 06:16 pm IST,  Updated : Feb 16, 2026 06:16 pm IST

यूपी के उन्नाव में एक युवक हनुमान बनकर ईदगाह की मस्जिद पर चढ़ गया। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। इस घटना को लेकर पुलिस का बयान सामने आया है।

Unnao- India TV Hindi
हनुमान बनकर ईदगाह की मस्जिद पर चढ़ा युवक Image Source : REPORTER INPUT

उन्नाव: यूपी के उन्नाव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां शोभायात्रा में हनुमान जी के वेश में आया एक युवक ईदगाह की मस्जिद पर चढ़ गया। इस दौरान उसने काफी कूद-फांद की और उसका वीडियो वायरल हो गया। इस मामले में पुलिस का बयान भी सामने आया है।

क्या है पूरा मामला?

उन्नाव के मौरावां थाना क्षेत्र में महाशिवरात्रि के मौके पर निकाली जा रही शिव शोभा यात्रा के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश का मामला सामने आया है। यहां इलाके के आदर्श नगर की ईदगाह मस्जिद के पास से गुजर रही शोभायात्रा के दौरान 'हनुमान' जी का रूप धारण किए एक युवक ने गदा लेकर ईदगाह की दीवार पर चढ़कर उछल-कूद की। इसके बाद उसका वीडियो वायरल हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बता दें कि रविवार को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मौरावां कस्बे में शोभायात्रा निकाली जा रही थी। यात्रा जब कस्बे की आदर्श नगर ईदगाह के पास पहुंची, तो शोभा यात्रा में शामिल युवक, जो हनुमान की वेशभूषा हाथ में था, अचानक ईदगाह की दीवार पर चढ़ गया।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मौरावां नगर पंचायत के चेयरमैन कुंवर विवेक सेठ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर इस कृत्य की कड़ी निंदा की। उन्होंने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा, "कल महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ईदगाह स्थल पर जो घटना घटित हुई, वह अत्यंत निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। किसी भी धर्म, आस्था या धार्मिक स्थल को ठेस पहुंचाना सर्वथा अनुचित है।"

चेयरमैन ने आयोजनकर्ताओं को भी नसीहत देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे अवसरों पर पूर्ण सतर्कता और ज़िम्मेदारी का परिचय दिया जाना चाहिए, ताकि किसी समुदाय की भावनाएं आहत न हों। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति और मौरावां की गंगा-जमुनी तहज़ीब बनाए रखने की अपील की है।

मौरावां इंस्पेक्टर ने क्या बताया?

वहीं मौरावां इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को संज्ञान में लिया गया है। वीडियो के आधार पर युवक की पहचान और घटना की सत्यता की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह का कहना है कि युवक हनुमान जी का वेश धारण किए हुए था। वह माखी थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जोकि यात्रा में वेश धारण कर चलता है। युवक को अंदाजा नहीं था कि वह मस्जिद की दीवार पर चढ़ गया है। हालांकि घटना का  VIDEO वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस कृत्य की निंदा कर रहे हैं। हालांकि इलाके में शांति है। (इनपुट: उन्नाव से नवीन सिंह)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।