हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में, जहां लोग सुकून की तलाश और प्रकृति की गोद में समय बिताने आते हैं। एक विदेशी पर्यटक ने ऐसा काम किया, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में हिमाचल के एक झरने के पास का नजारा दिखता है, जहां लोग मस्ती में डूबे हैं, रील्स बना रहे हैं, और फोटो खिंचवाकर मौज ले रहे हैं। लेकिन इस भीड़ में एक विदेशी युवक ने कुछ ऐसा किया, जो हम भारतीयों को बरसों से करना चाहिए था। उसने कचरे के ढेर को नजरअंदाज करने की बजाय झरने के किनारे पड़े प्लास्टिक और गंदगी को उठाकर कूड़ेदान में डालना शुरू कर दिया। यह नजारा देखकर हर कोई यही सोचने को मजबूर हो गया, "हम ऐसा क्यों नहीं करते?"
झरने के किनारे गंदगी साफ करता विदेशी पर्यटक
वीडियो में हिमाचल के एक खूबसूरत झरने का नजारा दिखता है, जहां छुट्टी के दिन होने के कारण भारी भीड़ है। लोग पानी में नहा रहे हैं, हंसी-ठिठोली कर रहे हैं, और पत्थरों पर बैठकर प्रकृति का आनंद ले रहे हैं। लेकिन इस भीड़ में एक विदेशी पर्यटक का व्यवहार सबसे अलग नजर आता है। वह खुद भी झरने के नीचे नहा रहा था, लेकिन जैसे ही उसकी नजर आसपास बिखरे कचरे प्लास्टिक की बोतलें, चिप्स के पैकेट, और अन्य कूड़ों पर पड़ी, उसने नहाना छोड़कर उसे साफ करना शुरू कर दिया। वह एक-एक कर कचरे को उठाता और पास के कूड़ेदान में डालता। हैरानी की बात यह थी कि वहां मौजूद कोई भी स्थानीय या भारतीय पर्यटक न तो इसकी परवाह करता दिखा और न ही उसकी मदद के लिए आगे आया। लोग अपने फोन में व्यस्त रहे या पानी में मस्ती करते दिखे।
स्थानीय युवक ने की तारीफ, वीडियो हुआ वायरल
इस नजारे को देखकर एक स्थानीय युवक, निखिल, ने इस विदेशी पर्यटक के कार्य को अपने कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो बनाते हुए उसने इस पर्यटक की तारीफ भी की। निखिल ने इस वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, "यह शर्मनाक है कि एक विदेशी पर्यटक हमारी प्रकृति की सुंदरता को लेकर हमसे ज्यादा चिंतित है, जबकि स्थानीय लोग बेशर्मी से ऐसी खूबसूरत जगहों पर कचरा फेंकते हैं। इसके लिए सरकार या प्रशासन को दोष देना ठीक नहीं। अगर हमें स्वच्छ भारत चाहिए, तो हमें खुद बदलना होगा।" यह वीडियो कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश का बताया जा रहा है।
वीडियो पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इसे लाखों लोगों ने देखा और अपने विचार साझा किए। एक यूजर ने लिखा, "हमसे ज्यादा तो इन विदेशियों को हमारे देश की परवाह है। यही कारण है कि हम उनसे पीछे हैं।" एक अन्य यूजर ने कहा, "इस विदेशी भाई को दिल से सलाम। हमें ऐसी हरकतों पर शर्मिंदगी महसूस होनी चाहिए।" वहीं, एक और यूजर ने लिखा, "ऐसे विदेशी पर्यटकों का हम दिल से सम्मान करते हैं और उनका भारत में हमेशा स्वागत है।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
अजगर के साथ ले रहा था सेल्फी, सांप ने तुरंत ही दे दिया Love Bite
मां की गोद में सोए नन्हे गजराज, Video देख दिल को मिलेगा एक अलग ही सुकून