Viral Video: भारत आने के बाद कई विदेशी पर्यटक यहां के फैन हो जाते हैं। 'विविधता में एकता' ध्येयवाक्य को भारत में सच साबित होता देख टूरिस्ट्स पूरी तरह चौंक जाते हैं। इससे भी ज्यादा जो चीज उनको प्रभावित करती वो चीज है भारतीयों की मेहमाननवाजी करने का तरीका। एक ऑस्ट्रेलियाई टूरिस्ट ने ऐसा ही एक वीडियो शेयर किया है जिसमें भारत के 'बेजोड़' आतिथ्य की प्रशंसा करते हुए उसने अपना एक्सपीरिएंस शेयर किया है। डंकन मैकनॉट नामक टूरिस्ट ने 'भारत इसके लिए एक विश्व रिकॉर्ड का हकदार है' शीर्षक से एक वायरल वीडियो में देश में बिताए अपने अनुभव साझा किए हैं।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
वीडियो इंस्टाग्राम पर @duncan.mcnaught नामक हैंडल से शेयर किया गया है। इस वीडियो में मैकनॉट ने बताया कि यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात गौरव नामक एक भारतीय व्यक्ति से हुई जिसने उनके भोजन, आनंद और यात्रा संबंधी आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए उन्हें पूर्ण भारतीय आतिथ्य का अनुभव प्रदान किया। मैकनॉट ने वीडियो में अपनी यात्रा की झलकियां दिखाते हुए कहा, 'भारतीयों का आतिथ्य दुनिया में किसी भी अन्य की तरह बेजोड़ है। मैं तीन दिन पहले गौरव से मिला था। उन्होंने मुझे अपने घर में ठहराया, खाना खिलाया। मैं उनके परिवार के साथ एक शादी समारोह में गया था। वह मुझे स्वर्ण मंदिर ले गए, और अब उन्होंने मेरे लिए जयपुर जाने वाली बस का इंतज़ाम कर दिया है। भारतीय आतिथ्य-सत्कार तो बेमिसाल है। वाह, यह तो कमाल है, शुक्रिया भारत।'
शेयर किया एक और वीडियो
एक अन्य वीडियो में मैकनॉट ने कहा कि 'सोशल मीडिया ने भारत के साथ गलत किया है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता अलग है क्योंकि भारत एक खूबसूरत देश है, जिसकी संस्कृति समृद्ध है, परिदृश्य विविध हैं और लोग अद्भुत हैं। मैं इसकी समस्याओं से इनकार नहीं कर रहा हूँ। 1.5 अरब की आबादी वाले किसी भी देश की अपनी समस्याएं होंगी, लेकिन एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जिसके अच्छे भारतीय मित्र हैं, यह देखकर दुख होता है कि दुनिया के सामने भारत को किस तरह पेश किया जाता है। इसके बावजूद, मैं अगले तीन महीनों में आपको भारत के खूबसूरत हिस्सों से रूबरू कराऊंगा।'
यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शन
वीडियो के वायरल होते ही इस पर कई यूजर्स ने प्रतिक्रिया दी। अधिकांश सोशल मीडिया उपयोगकर्ता मैकनॉट के आकलन से सहमत हो गए, जबकि अन्य ने देश का सकारात्मक पक्ष दिखाने के लिए उनकी सराहना की। एक यूजर ने कहा, 'मैं 110 प्रतिशत सहमत हूं। मैं हाल ही में वहां गया था और यह अद्भुत था, खासकर वहां के लोग।' दूसरे ने कहा, 'हर चीज़ का एक अच्छा और एक बुरा पक्ष होता है। खुशी है कि आपको हमारे देश का अच्छा पक्ष देखने को मिला।' तीसरे ने लिखा कि, 'यह बिल्कुल सच है! भारतीयों में बहुत सारे गुण हैं जो अन्य लोगों में नहीं हैं, बस कुछ भारतीयों को अपनी नागरिक भावना में सुधार करने की आवश्यकता है।' चौथे ने कह, 'पहचान और सराहना के लिए धन्यवाद। इस बीच पश्चिमी देश भारत और भारतीयों से नफरत कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि उन्हें इस बात का एहसास होगा।'
नोट: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें-
Video: हाथ में धंसे कांटे को निकालने का देसी तरीका हो रहा वायरल, लहसुन की मदद से शख्स ने ऐसे दिखाई डॉक्टरी
'भजन क्लबिंग ट्रेंड' क्या है ? आखिर Gen-Z के बीच इतना पॉपुलर कैसे हुआ ये नाम; यहां जानिए सब कुछ