1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'मुझे वो जिंदगी पसंद नहीं थी...' बैंक में असिस्टेंट मैनेजर की जॉब छोड़कर महिला ने शुरू किया योग स्टूडियो, बताईं वजहें

'मुझे वो जिंदगी पसंद नहीं थी...' बैंक में असिस्टेंट मैनेजर की जॉब छोड़कर महिला ने शुरू किया योग स्टूडियो, बताईं वजहें

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Sep 11, 2026 12:34 pm IST,  Updated : Sep 11, 2026 12:34 pm IST

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी ज्यादा चर्चा में है। इस वीडियो में बैंक की असिस्टेंट मैनेजर ने बताया है कि, आखिर उन्होंने बैंक की जॉब छोड़कर योग स्टूडियो क्यों शुरू किया।

Woman quits her bank job, woman starts her yoga studio, ex banker starts yoga studio, yoga studio vi- India TV Hindi
महिला का वीडियो वायरल। Image Source : IG/@TULAA_WELLNESS

एक बैंक में असिस्टेंट मैनेजर की सुरक्षित और अच्छी सैलरी वाली नौकरी छोड़ना आसान फैसला नहीं होता। लेकिन उत्तर प्रदेश की स्निग्धा बोस ने यही कदम उठाया। लगातार तनाव, रोज सिरदर्द और मानसिक थकान से परेशान होकर उन्होंने बैंक की नौकरी छोड़ दी और मेरठ में अपना योग स्टूडियो शुरू कर दिया। इंस्टाग्राम पर शेयर किए वीडियो में उन्होंने कहा, “मुझे वो जिंदगी पसंद नहीं थी।”

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @tulaa_wellness नामक हैंडल से शेयर किया गया है। स्निग्धा बोस बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर काम करती थीं। यह वही नौकरी है जिसे लोग अक्सर “कभी मत छोड़ो” कहते हैं— स्थिर करियर, अच्छी सैलरी और सरकारी सुरक्षा। लेकिन स्निग्धा के लिए यह जिंदगी धीरे-धीरे बोझ बन गई। उन्होंने बताया कि लंबे घंटे बैठकर काम करना, लगातार दबाव और मानसिक थकान सामान्य हो चुकी थी। वीडियो में उन्होंने साफ कहा, “मुझे बहुत ज्यादा दबाव महसूस होता था। रोज सिरदर्द होता था। मैं रोज पेनकिलर लेती थी। मुझे वो जिंदगी पसंद नहीं थी। मुझे अंदर से कुछ बदलने की जरूरत महसूस हुई और इसलिए मैंने यह बड़ा कदम उठाया।” परिवार का साथ मिलने से उन्हें हिम्मत मिली। उन्होंने लिखा, “मेरे पास स्थिर नौकरी थी। सुरक्षित करियर। असिस्टेंट मैनेजर के रूप में अच्छी सैलरी। वही नौकरी जिसे छोड़ने से लोग मना करते हैं। लेकिन कहीं न कहीं मुझे एहसास हुआ कि मैं काम तो कर रही थी, लेकिन खुद को फंक्शनल नहीं महसूस करती थी। लंबे समय तक बैठना, लगातार तनाव, मानसिक थकान और अपने शरीर से जुड़ने का बहुत कम समय...यह सब धीरे-धीरे सामान्य बन गया था।”

योग की ओर रुख 

नौकरी छोड़ने के बाद स्निग्धा ने योग और प्राणायाम की ट्रेनिंग ली और खुद को सर्टिफाइड योग एवं प्राणायाम इंस्ट्रक्टर बनाया। अब वे मेरठ में वेलनेस स्टूडियो चला रही हैं। उनका इंस्टाग्राम प्रोफाइल उन्हें “बैंकर्स टर्न्ड योगी” के रूप में पेश करता है। वे कहती हैं कि उनकी कहानी सिर्फ नौकरी छोड़कर योग टीचर बनने की नहीं है, बल्कि खुद को प्राथमिकता देने और बेहतर जिंदगी चुनने की है। 

फैसले का यूजर्स ने किया समर्थन

स्निग्धा की पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में आई। कई बैंकिंग प्रोफेशनल्स ने भी अपने अनुभव साझा किए और कहा कि सुरक्षित नौकरी के बावजूद मानसिक स्वास्थ्य को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। 

एक यूजर ने लिखा, “आपको ढेर सारी शुभकामनाएं, जीवन में खूब तरक्की करो।” 

दूसरे ने कहा, “काश मैं भी कभी ऐसा कर पाता।”

किसी और ने टिप्पणी की, “आपने शांति बहाल कर दी है।” 

एक यूजर ने लिखा, “वाह!! आप वाकई भाग्यशाली हैं! मैं भी ऐसा ही करना चाहता हूं।”

एक अन्य ने लिखा कि, “काश मुझमें भी इतनी हिम्मत होती... हर दिन एसबीआई छोड़ने का मन करता है।” 

एक और यूजर ने इसी तरह का निर्णय लेने को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए लिखा, “मैं छोड़ने की योजना बना रहा हूं, लेकिन मुझे डर लग रहा है, मुझे क्या करना चाहिए...?” 

गौरतलब है ​कि, इससे पहले 50 लाख रुपये की जॉब छोड़कर कंटेंट ​क्रिएटर बनी महिला का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -

Video : केबिन क्रू मेंबर ने 5 साल बाद छोड़ी नौकरी, ड्रीम जॉब छोड़कर जो हो कहा; सबको सुनना चाहिए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।