1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. ऑनलाइन ऑर्डर किए सैंडविच में मिला प्लास्टिक का दस्ताना, Zomato ने जवाब में कही ये बात

ऑनलाइन ऑर्डर किए सैंडविच में मिला प्लास्टिक का दस्ताना, Zomato ने जवाब में कही ये बात

 Published : Aug 28, 2025 09:27 pm IST,  Updated : Aug 28, 2025 09:27 pm IST

गुरुग्राम के सतीश सरावगी को Zomato से ऑर्डर किए सैंडविच में प्लास्टिक का दस्ताना मिला, जिससे साफ-सफाई पर सवाल उठने लगे। Zomato और Salad Days दोनों ने माफी मांगते हुए जांच का आश्वासन दिया है।

Zomato food hygiene issue, plastic glove in sandwich- India TV Hindi
Zomato से ऑर्डर किए गए सैंडविच में प्लास्टिक का दस्ताना मिला। Image Source : SATISH SARAWAGI/X

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले सतीश सरावगी ने भूख मिटाने के लिए Zomato के जरिए Salad Days से 2 सैंडविच ऑर्डर किए, लेकिन जो हुआ उसने उन्हें हैरान कर दिया। सैंडविच में खाने की जगह प्लास्टिक का दस्ताना निकला, जिससे खाने की हाइजीन यानी कि साफ-सफाई पर बड़ा सवाल उठ गया।

'ये बिल्कुल नाकाबिल-ए-बर्दाश्त है'

सतीश ने जोमैटो से दो सैंडविच मंगवाए थे। एक ब्रोकली, कॉर्न और बेसिल पेस्टो के साथ सॉर्डो ब्रेड में, तो दूसरा स्मोक्ड कॉटेज चीज और काली मिर्च का सैंडविच। लेकिन जब सैंडविच खोला तो उसमें प्लास्टिक का दस्ताना देखकर वे दंग रह गए। उन्होंने इस वाकये को एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, 'मैंने सैंडविच ऑर्डर किया और उसमें दस्ताना मिला! ये बिल्कुल नाकाबिल-ए-बर्दाश्त है और साफ-सफाई को लेकर गंभीर मसला है। कृपया इसकी तहकीकात करें और जल्द जवाब दें।'

जानें जोमैटो ने सतीश के जवाब में क्या कहा

सतीश का पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गया और लोगों ने खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इस मामले ने खाने की साफ-सफाई को लेकर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी। जोमैटो ने तुरंत इस पर जवाब देते हुए माफी मांगी और कार्रवाई का भरोसा दिया। कंपनी ने लिखा, 'नमस्कार सतीश, इस बारे में सुनकर हमें बहुत अफसोस हुआ। हम समझ सकते हैं कि ये आपके लिए कितना परेशान करने वाला रहा होगा। कृपया हमें थोड़ा वक्त दें ताकि हम अपने रेस्तरां पार्टनर के साथ इस मसले को उठा सकें। हम आपसे संपर्क करेंगे और इसे और बेहतर तरीके से सुलझाएंगे।'

सैलड डेज ने अपने जवाब में क्या कहा?

वहीं, Salad Days ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'हम इस मसले को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं और अपनी क्वालिटी एश्योरेंस टीम के साथ तुरंत तहकीकात शुरू कर दी है। इस किचन को तुरंत रिव्यू के लिए चिह्नित कर दिया गया है। कृपया हमें अपने कॉन्टैक्ट डिटेल्स डीएम करें ताकि हम आपसे सीधे बात कर सकें और इस मसले को ठीक कर सकें।'

पहले भी सामने आई हैं ऐसी घटनाएं

बता दें कि ये कोई पहला मौका नहीं है जब जोमैटो के ज़रिए ऑर्डर किए गए खाने में ऐसी शिकायत सामने आई हो। पिछले साल त्रिपुरा के अगरतला में एक महिला ने अपने खाने में मरा हुआ कॉकरोच पाया था, जिसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। खाने की हाइजीन को लेकर ये घटनाएं चिंता का सबब बन रही हैं। सतीश के इस अनुभव ने एक बार फिर ऑनलाइन फूड डिलीवरी की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर सवाल खड़े किए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।