Tuesday, March 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. इसबार पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा, बंगाल की जनता परिवर्तन चाहती है- अमित शाह

इसबार पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा, बंगाल की जनता परिवर्तन चाहती है- अमित शाह

Edited by: IndiaTV Hindi Desk Published : Dec 20, 2020 04:27 pm IST, Updated : Dec 20, 2020 05:25 pm IST

गृहमंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल के बोलपुर में रोड़ शो कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए शक्ति प्रदर्शन किया। अमित शाह ने इस दौरान अपने भाषण में कहा कि आज का जैसा रोड शो मैंने पहले कभी नही देखा।

इसबार पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा, बंगाल की जनता परिवर्तन चाहती है- अमित शाह - India TV Hindi
Image Source : PTI इसबार पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा, बंगाल की जनता परिवर्तन चाहती है- अमित शाह 

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अपनी ताकत दिखाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा नेताओं ने रविवार को बीरभूम जिले के बोलपुर इलाके में रोड शो किया। अमित शाह का रोड शो दोपहर तीन बजकर 10 मिनट पर डाक बंगाल मैदान से शुरू हुआ और यह बोलपुर चौरास्ता मोड़ पर समाप्त हुआ। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के साथ लॉरी पर बने मंच पर दिखे और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान भगवा पार्टी के समर्थक ‘जय श्री राम’, ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ और अमित शाह जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। सड़क के किनारे खड़े सैकड़ों लोगों ने वहां से गुजरने के दौरान गृह मंत्री का अभिवादन किया।  

अमित शाह ने इस दौरान अपने भाषण में कहा कि आज का जैसा रोड शो मैंने पहले कभी नही देखा। ये रोड शो बंगाल की जनता का नरेन्द्र मोदी जी के प्रति विश्वास को दिखाता है। ये जनता का ममता दीदी के प्रति गुस्से का प्रतीक है। शाह ने कहा कि हम बंगाल को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे और 5 साल के अंदर सोनार बंगला बनाएंगे। उन्होनें कहा कि भतीजे की दादागीरी खत्म करने के लिए और बांग्लादेशियों की घुसपैठ रोकने के लिए बंगाल में परिवर्तन चाहिए। 

अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों का उत्साह और उमंग दर्शाता है कि बंगाल में इस बार परिवर्तन निश्चित है। अमित शाह ने बंगाल की जनता से कहा कि आपने कांग्रेस को मौका दिया, कम्युनिस्टों को मौका दिया, TMC को मौका दिया है। एक बार भाजपा को मौका दीजिये, हम 5 साल में सोनार बांग्ला बना कर रहेंगे।

उन्होनें कहा कि बंगाल की जनता परिवर्तन चाहती है और इसबार पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा। इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार को विश्वभारती पहुंचे और उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में रवींद्र भवन में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि अर्पित की। सूत्रों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच गृहमंत्री डेढ़ घंटे से अधिक समय के लिए केंद्रीय विश्वविद्यालय पहुंचे हैं।

कुछ नेताओं के दल बदलने से पार्टी की चुनावी संभावनाओं पर नहीं पड़ेगा कोई असर: तृणमूल कांग्रेस 

तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को कहा कि उसके कुछ नेताओं के हाल में दल बदलने को ज्यादा तवज्जो देने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि ‘‘विश्वासघाती और पीठ पर वार करने वाले लोग चिरकाल से मौजूद हैं।’’ पश्चिम बंगाल के पंचायत मंत्री एवं विधायक सुब्रत मुखर्जी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनकी पार्टी न तो हैरान है और न ही हतोत्साहित, क्योंकि नेताओं के इस प्रकार पार्टी छोड़ करइजाने से अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनाव पर ‘‘कोई असर नहीं पड़ेगा’’। 

उन्होंने कहा कि पार्टी इस प्रकार की घटनाओं और विधानसभा चुनाव में 294 में से 250 सीटें जीतने के भाजपा के ‘‘बेतुके दावों’’ को अधिक महत्व नहीं देती। तृणमूल कांग्रेस के नेता शुभेंदु अधिकारी, पार्टी के एक सांसद और पांच विधायक शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए थे। मंत्री ने पिछले कुछ दिन से भगवा दल के संपर्क में रहने के लिए अधिकारी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘हमारे पास इस प्रकार की सूचना थी। मीर जाफरों के दल बदलने पर हल्ला करने की कोई आवश्यकता नहीं है। इस प्रकार का विश्वासघात सदियों से होता आ रहा है।’’ 

मीर जाफर एक सैन्य कमांडर था, जिसने पलासी की लड़ाई में बंगाल के नवाब सिराजुद्दौला को धोखा दिया था और अंग्रेजों का साथ दिया था। इसके बाद से मीर जाफर का नाम विश्वासघात का पर्यायवाची बन गया है। मुखर्जी ने कहा, ‘‘केवल एक शुभेंदु को अपने पाले में कर, भाजपा 250 सीटें जीतने की उम्मीद कर रही है शुक्र है कि वे सभी सीटें जीतने का दावा नहीं कर रहे।’’ रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर के ऊपर शाह की तस्वीर वाले होर्डिंग को लेकर शांतिनिकेतन में कई लोगों के नाराजगी जाहिर करने के मद्देनजर मुखर्जी ने भाजपा पर टैगोर का ‘‘अपमान’’ करने का आरोप लगाया। 

उन्होंने कहा कि पार्टी की छात्र शाखा के नेता ‘‘टैगोर के अपमान’’ के विरोध में उनके जन्मस्थल जोरासांको में एक दिन के धरने पर बैठे हैं। तृणमूल कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता जयप्रकाश मजूमदार ने कहा, ‘‘भाजपा टैगोर जैसे हमारे आदर्शों का पूरा सम्मान करती है। उनके शब्दों, विचारों और लेखन के अनुसार आचरण करती है।’’ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के काफिले पर इस महीने की शुरुआत में हुए हमले की घटना को लेकर मुखर्जी ने कहा, ‘‘उनके जैसे कद वाले व्यक्ति को गलत सूचना नहीं फैलानी चाहिए। 

उन्हें जेड-श्रेणी की सुरक्षा दी गई है, लेकिन फिर भी प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया गया। डायमंड हार्बर में उनके दौरे के दौरान उनके काफिले में कई अनधिकृत कारों को देखा गया।’’ मंत्री ने आरोप लगाया कि शाह ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले में एक किसान के मकान के निर्माण के बारे में गलत जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘किसान के आवास पर भोजन करने के बाद शाह ने कहा कि यह मकान गरीबों के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाया गया है। सच्चाई यह है कि राज्य और केंद्र सरकारें इस परियोजना का बोझ साझा करती हैं।’’ मुखर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी अपनी ‘द्वारे सरकार’ पहल के तहत 1.9 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच चुकी है, जो ‘‘ऐतिहासिक’’ है।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement