कोलकाता: आंध्र प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (ICC) ने कोलकाता में एक महत्वपूर्ण प्लेनरी सेशन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश सरकार के आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, कम्युनिकेशन और मानव संसाधन विकास मंत्री नारा लोकेश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य आंध्र प्रदेश को देश का सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाना और राज्य में उपलब्ध व्यापारिक अवसरों पर चर्चा करना था।
उद्योगपतियों और कारोबारियों ने लिया हिस्सा
सेंचुरी प्लाईवुड की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश के कई उद्योगपतियों और कारोबारियों ने भाग लिया। नारा लोकेश ने निवेशकों के साथ आंध्र प्रदेश में उद्योग, आईटी, मैन्युफैक्चरिंग और अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की और राज्य में निवेश के लिए अनुकूल माहौल की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सेंचुरी प्लाईवुड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर केशव भजनका ने आंध्र प्रदेश की निवेश क्षमता की जमकर सराहना करते हुए कहा,
'पिछले एक साल में देश में हुए कुल निवेश का लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा आंध्र प्रदेश को मिला है। यह राज्य की अपार संभावनाओं और उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।'
'निवेश को तीन गुना तक बढ़ाने की योजना'
भजनका ने कहा कि उनके समूह का सबसे बड़ा प्लांट पहले से ही आंध्र प्रदेश में स्थापित है और आने वाले वर्षों में वहां निवेश को तीन गुना तक बढ़ाने की योजना है। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी पहले से ही अपनी इकाइयों का विस्तार कर रही है। भजनका ने बताया कि लैमिनेट उत्पादन क्षमता में 50 प्रतिशत और पीवीसी क्षमता में 100 प्रतिशत की वृद्धि की जा रही है और भविष्य में भी विस्तार की प्रक्रिया जारी रहेगी।
भजनका ने की नारा लोकेश की प्रशंसा
केशव भजनका ने नारा लोकेश की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी विशेषता काम की गति है। उन्होंने कहा कि निवेशकों की जरूरतों को समझने और फैसले लेने में नारा लोकेश बेहद तेज हैं, जिससे उद्योग जगत का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने बताया कि निवेश बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई है और उनकी कंपनी नए प्रस्तावों को अंतिम रूप दे रही है। केशव भजनका ने बताया कि उनकी कंपनी आंध्र प्रदेश में पहले ही 1000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा,
'आने वाले समय में लगभग 2,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करने की योजना है। राज्य में उद्योगों के लिए बेहतर माहौल और तेजी से विकसित हो रहा बुनियादी ढांचा निवेश को आकर्षित कर रहा है।'
CM शुभेंदु अधिकारी से मिले नारा लोकेश
इस दौरान नारा लोकेश ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों के बीच निवेश, औद्योगिक सहयोग और संयुक्त विकास की संभावनाओं पर चर्चा हुई। आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के लिए मिलकर काम करने पर भी सहमति बनी। नारा लोकेश ने बताया कि उन्होंने कोलकाता में भगवान बालाजी के मंदिर के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा है और इस प्रस्ताव को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। माना जा रहा है कि इससे दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक संबंधों के साथ-साथ सांस्कृतिक जुड़ाव भी और मजबूत होगा।
'पश्चिम बंगाल का भविष्य भी बेहद उज्ज्वल होगा'
भजनका ने पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ महीने में जिस गति से काम होते हुए उन्होंने देखा है, वैसी रफ्तार पहले कभी नहीं दिखी। भजनका ने कहा कि यदि यही गति बनी रही तो पश्चिम बंगाल का भविष्य भी बेहद उज्ज्वल होगा। उन्होंने कहा कि बंगाल की प्रतिभा पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी है। उन्होंने कहा,
'माइक्रोसॉफ्ट, गूगल जैसी वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ पदों पर बंगाल के लोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राज्य के पास प्रतिभाओं की मजबूत श्रृंखला है, जिसे आगे बढ़ाने और देश में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है।'
'बेहतर परिस्थितियां बनाने के लिए कर रहे काम'
भजनका ने कहा कि पहले अवसरों की कमी के कारण प्रतिभाशाली लोग राज्य से बाहर चले जाते थे, लेकिन अब उद्योग जगत ऐसी परिस्थितियां तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है जिससे युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर रोजगार मिल सके। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी हर साल प्रतिभाशाली युवाओं की भर्ती करती है और बड़ी संख्या में बंगाल के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है। कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच बढ़ते सहयोग से निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।