1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. अन्नपूर्णा योजना के आवेदन पर घमासान, पूर्व TMC नेता की पत्नी ने दिखाई 60 हजार रुपये सालाना आय, उठे सवाल

अन्नपूर्णा योजना के आवेदन पर घमासान, पूर्व TMC नेता की पत्नी ने दिखाई 60 हजार रुपये सालाना आय, उठे सवाल

 Published : Jul 10, 2026 08:59 pm IST,  Updated : Jul 10, 2026 09:28 pm IST

पूर्व मेयर परिषद सदस्य धर्मेंद्र यादव की पत्नी के आवेदन पत्र पर सियासी घमासान तेज हो गया है। विपक्ष का आरोप है कि सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए गलत जानकारी दी गई है। अब भाजपा ने इस मामले पर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। वहीं इन आरोपों को धर्मेंद्र यादव ने बेबुनियाद बताया ।

Annapurna yojana Controversy- India TV Hindi
पूर्व TMC नेता की पत्नी पर गलत जानकारी देने का आरोप Image Source : REPORTER INPUT

अन्नपूर्णा योजना के आवेदन पत्र को लेकर दुर्गापुर में नया विवाद सामने आया है। आरोप है कि दुर्गापुर नगर निगम के तृणमूल कांग्रेस के पूर्व मेयर परिषद सदस्य और पूर्व प्रशासक मंडली के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव की पत्नी सपना यादव ने योजना के लिए आवेदन करते समय परिवार की वार्षिक आय मात्र 60 हजार रुपये दर्शाई है। यह जानकारी सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है। चलिए जानते है आखिर क्या है पूरा मामला। 

योजना का लाभ लेने के लिए गलत जानकारी देने का आरोप

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे आवेदन पत्र में दावा किया गया है कि अन्नपूर्णा योजना के लिए आवेदन करते समय पारिवारिक वार्षिक आय 60 हजार रुपये दर्ज की गई है। इसे लेकर विपक्ष का आरोप है कि सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए पूर्व टीएमसी नेता की पत्नी द्वारा गलत जानकारी दी गई है।

आवेदन में दिखाई गई आय पर उठे सवाल 

धर्मेंद्र यादव एक समय तृणमूल कांग्रेस के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। वे दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड संख्या 13 के पार्षद रह चुके हैं। बाद में उन्हें मेयर परिषद सदस्य बनाया गया। नगर निगम का कार्यकाल समाप्त होने के बाद पहले उन्हें प्रशासक मंडली का सदस्य और बाद में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी गई थी। ऐसे में उनके परिवार द्वारा इतनी कम आय का दावा किए जाने पर कई सवाल उठाए जा रहे हैं।

भाजपा ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

इस मामले पर दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा विधायक लक्ष्मण घड़ुई ने कहा, "भाजपा सरकार किसी राजनीतिक दल को देखे बिना सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दे रही है, इसलिए सभी आवेदन कर रहे हैं। लेकिन एक पूर्व प्रभावशाली जनप्रतिनिधि के परिवार की वार्षिक आय केवल 60 हजार रुपये होना स्वाभाविक रूप से जांच का विषय है। प्रशासन को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।"

 पूर्व TMC नेता ने खारिज किए आरोप

हालांकि, धर्मेंद्र यादव ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है, "मैं इस समय बेरोजगार हूं और मेरी कोई आय नहीं है। मेरे खिलाफ लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं।"

फिलहाल, इस आवेदन पत्र की प्रामाणिकता और आय संबंधी दावों पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

(रिपोर्ट- बीजू मंडल)

ये भी पढ़ें- आसनसोल में TMC-BJP समर्थकों में खूनी झड़प, कई गंभीर रूप से घायल, इस बात पर हुई हिंसा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।