पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल के जामुड़िया थाना क्षेत्र में खुद को बीजेपी नेता बताकर बालू लदे ट्रकों से कथित तौर पर अवैध वसूली करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश माझी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, जामुड़िया थाना क्षेत्र के चुरुलिया स्थित मदनतोड़ इलाके में राकेश माझी बालू लदे ट्रकों को रोककर कथित रूप से वसूली कर रहा था। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
"ओवरलोडिंग बंद है, इसलिए 200 रुपये ले रहे"
वायरल वीडियो में राकेश माझी कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहा है, "पहले ओवरलोडिंग ट्रक से 500 रुपये लिया जाता था, अब ओवरलोडिंग बंद है, इसलिए अभी 200 रुपये हम ले रहे हैं।" फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित वसूली का नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें अन्य लोगों की भी संलिप्तता थी या नहीं। वहीं, वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट पर 60 लाख के आभूषण बरामद, 1 अरेस्ट
एक अन्य खबर में, कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के घरेलू कार्गो क्षेत्र से लगभग 60 लाख रुपये के सोने के आभूषणों की तस्करी का प्रयास करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान राजस्थान निवासी राम अवतार शर्मा के रूप में हुई है, जिसे बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय के तहत हवाईअड्डा पुलिस थाने के कर्मियों ने एक गुप्त सूचना के बाद पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम को शर्मा को घरेलू कार्गो टर्मिनल से स्कूटर पर बाहर निकलते समय रोका गया। तलाशी के दौरान लगभग 400 ग्राम सोने के गहने जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 60 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई सौ ग्राम चांदी भी बरामद की। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह खेप कोलकाता के बड़ाबाज़ार इलाके में ले जाई जा रही थी। आरोपी को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाना था। एक अधिकारी ने बताया कि वे तस्करी नेटवर्क की जांच करने और इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आरोपी की हिरासत की मांग करेंगे।
(स्टिंगर- अनिर्बान कर्मकार)
ये भी पढ़ें-
पश्चिम बंगाल आवास योजना का बदला गया नाम, CM शुभेंदु अधिकारी का ऐलान, जानें अब क्या है नया नाम