1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. आसनसोल में भारी बारिश का कहर, जहरगढ़ पुल से उफनती नदी में गिरी स्कूटी, 1 युवक लापता, दूसरे की बची जान

आसनसोल में भारी बारिश का कहर, जहरगढ़ पुल से उफनती नदी में गिरी स्कूटी, 1 युवक लापता, दूसरे की बची जान

 Published : Aug 18, 2026 08:47 pm IST,  Updated : Aug 18, 2026 08:47 pm IST

रातभर हुई लगातार भारी बारिश के कारण आसनसोल के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से सटे एथोड़ा मोड़ से सीतारामपुर जाने वाली सड़क पर स्थित जहरगढ़ पुल खतरनाक हो गया। सोमवार रात पुल के ऊपर से तेज पानी बहने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया।

आसनसोल में भारी बारिश का कहर- India TV Hindi
आसनसोल में भारी बारिश का कहर Image Source : INDIA TV

लगातार भारी बारिश के कारण आसनसोल के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से सटे एथोड़ा मोड़ से सीतारामपुर जाने वाली सड़क पर स्थित जहरगढ़ पुल खतरनाक हो गया। रातभर हुई मुसलाधार बारिश के कारण सड़क पर स्थित जहरगढ़ पुल उफान पर आ गया, जिससे सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। उफनते पानी के बीच सड़क पार करने की कोशिश में एक स्कूटी अनियंत्रित होकर गहरे पानी में जा गिरी।

पेड़ की डाल पकड़कर एक की बची जान, दूसरा पानी में बहा

जानकारी के अनुसार, तेज पानी के बहाव के बीच एक स्कूटी अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी। स्कूटी पर सवार दोनों युवक पानी के तेज बहाव में बह गए। हादसे के बाद एक युवक किसी तरह पुल के नीचे मौजूद पेड़ की डाल को पकड़कर अपनी जान बचाने में सफल रहा। वहीं सीतारामपुर निवासी युवक आमिर गियास पानी में बहने के बाद लापता बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

राहत व बचाव कार्य में जुटी आपदा प्रबंधन की टीम

सूचना मिलने के बाद राज्य आपदा प्रबंधन दल घटनास्थल पर पहुंचा और लापता युवक की तलाश में राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। लगातार बारिश और तेज जलधारा के कारण बचाव दल को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, भारी बारिश के कारण पुल के ऊपर से काफी तेज गति से पानी बह रहा था, जिससे आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण हो गया था। फिलहाल लापता युवक की तलाश जारी है।

भारी बारिश ने मचाई तबाही

आसनसोल के रेलपार इलाके में हुई लगातार बारिश के चलते पूरा इलाका जलमग्न हो गया। कुछ इलाकों में तो पानी की गहराई करीब 5 से 10 फीट तक पहुंचने की खबर सामने आई है। बारिश के कारण स्थिति इतनी खराब हो गई है कि कई परिवारों को मजबूरन अपने घरों को छोड़कर ऊपरी मंजिलों और छतों पर रहना पड़ रहा है। हालात इतने बदतर हो गए कि जान बचाने के लिए लोगों को अपना घर तक छोड़ने पर मजबूर होना पड़ रहा है।

वहीं भारी बारिश की वजह से पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग से लैंडस्लाइड की घटना भी सामने आई थी। कालिम्पोंग शहर से बिंदु की ओर जाने वाली पहाड़ी सड़क पर अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा ढह गया और भारी मात्रा में मलबा व पत्थर सड़क पर आ गिरे।  मलबा गिरते ही वहां मौजूद पर्यटकों में अफरा-तफरी मची गई। घटना के समय सड़क से गुजर रहे कई पर्यटक और स्थानीय लोग इस लैंडस्लाइड की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। 

(आसनसोल से बीज्जू मंडल की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें-

पश्चिम बंगाल में कालिम्पोंग-बिंदु मार्ग पर भारी लैंडस्लाइड, बाल-बाल बचे टूरिस्ट; बेहद डराने वाला VIDEO आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।