1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. सिर कटी लाश को गंगा नदी में बहाने गई थीं महिलाएं, लोगों ने पकड़ा और बुला ली पुलिस

सिर कटी लाश को गंगा नदी में बहाने गई थीं महिलाएं, लोगों ने पकड़ा और बुला ली पुलिस

 Written By: Pankaj Yadav @ThePankajY
 Published : Feb 25, 2025 02:22 pm IST,  Updated : Feb 25, 2025 02:22 pm IST

गंगा नदी में सिर कटी लाश को ट्रॉली में भरकर फेंकती हुईं महिलाओं को स्थानीय लोगों ने पकड़ा और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों महिलाओं से पुलिस पूछताछ कर रही है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : SOCIAL MEDIA/ META AI

कोलकाता के कुमोरटूली घाट के पास दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ये महिलाएं एक ट्रॉली बैग में रखी सिर कटी लाश को गंगा नदी में बहाने की कोशिश कर रही थीं। महिलाओं के संदिग्ध हरकतों को देख वहां के लोगों को उन पर संदेह हुआ। जिसके बाद उन्होंने उन दोनों महिलाओं को पकड़ लिया और मामले की सूचना पुलिस को दे दी। घटना मंगलवार के सुबह की बताई जा रही है। जहां दो महिलाएं ट्रॉली बैग में रखी सिर कटी लाश को फेंकते वक्त पकड़ी गईं। मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि लाश को ठिकाने लगाने आईं उन दोनों महिलाओं का व्यवहार थोड़ा असामान्य सा लगा। जिसके बाद स्थानीय महिलाओं ने उन दोनों महिलाओं को तुरंत पकड़ लिया। 

मामले को लेकर जांच में जुटी पुलिस

स्थानीय महिलाओं ने जब उन दोनों संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा तो वे सहम गईं और वे इधर-उधर की बातें करने लगीं। जब लोगों ने उनके हाथ में पड़ी ट्रॉली बैग खोला तो अंदर का नजारा देख लोगों का दिमाग ही सन्न हो गया। दरअसल, इस ट्रॉली के अंदर एक सिर कटी लाश रखी हुई थी। मौके पर आई पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया और उस ट्रॉली बैग को भी जब्त कर लिया। अब पुलिस इस पूरी घटना की जांच पड़ताल कर रही है। 

बैग के अंदर मिली सिर कटी बुजुर्ग महिला की लाश

मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि आज सुबह एक बड़ा सा ट्रॉली बैग लिए दो महिलाएं गंगा किनारे कुमारटूली घाट पे पहुंचीं। उनके हाथ में बड़ा सा ट्रॉली बैग देख स्थानीय लोगों को उन पर शक हुआ और उन दोनों महिलाओं को रोका। जब इस बारे में उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उनके घर का कुत्ता मर गया है इसीलिए वे उसको बहाने के लिए ले आई हैं। लेकिन ज्यादा पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वे दोनों महिलाएं आपस में मां-बेटी हैं और वे मध्यमग्राम की निवासी हैं। कल उनकी बेटी की ननद ने आत्महत्या कर लिया था इसीलिए वे उसके शव को बहाने के लिए आई हैं। मौके पर आई पुलिस की मौजूदगी में जब बैग खोला गया तो अंदर का नजारा देख पुलिस हैरान रह गई क्योंकि बैग के अंदर एक बुजुर्ग महिला का शव था। जो धड़ से अलग था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को अस्पताल भेज दिया है। साथ में ही दोनों महिलाओं से नॉर्थ पोर्ट थाने में पूछताछ की जा रही है। 

(कोलकाता से ओंकार की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।