1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. महिला के शव को खेत में कौन जलाकर चला गया? पश्चिम बंगाल के इस जिले में मचा हड़कंप

महिला के शव को खेत में कौन जलाकर चला गया? पश्चिम बंगाल के इस जिले में मचा हड़कंप

 Published : Mar 26, 2025 02:15 pm IST,  Updated : Mar 26, 2025 02:15 pm IST

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक खेत से महिला का आंशिक रूप से जला हुआ शव मिला। पुलिस को संदेह है कि महिला की हत्या रात में की गई और शव को जलाने की कोशिश की गई। पहचान की जांच जारी है।

West Bengal, North 24 Parganas, woman, burnt body, murder- India TV Hindi
खाली खेत में महिला के शव को जलाने की कोशिश की गई। Image Source : INDIA TV

उत्तर 24 परगना: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिले के अमदंगा में एक खेत से एक महिला का आंशिक रूप से जला हुआ शव बरामद किया गया है। महिला के नाम और उसके पते के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार की सुबह स्थानीय निवासियों को अमदंगा के शशिपुर में एक खाली खेत में महिला का शव पड़ा मिला। इस बारे में खबर मिलते ही अमदंगा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दिया।

बाहर से लाकर की गई महिला की हत्या

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि महिला का उम्र करीब 35 साल है। पुलिस को संदेह है कि महिला को मंगलवार की रात बाहर से लाकर उसकी हत्या की गई और शव को खाली खेत में जलाने की कोशिश की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं हत्या से पहले महिला के साथ बलात्कार तो नहीं हुआ था। स्थानीय ग्रामीणों का भी दावा है कि मृतक महिला उस क्षेत्र की निवासी नहीं है, ऐसे में बाहर से हत्या कर शव को फेंके जाने की आशंका भी है। पुलिस मृत महिला की पहचान करने में जुटी हुई है।

कोलकाता में भी मिला था महिला का शव

बता दें कि पिछले दिनों सूबे की राजधानी कोलकाता से भी ऐसी ही खबर आई थी। कोलकाता शहर के पास स्थित न्यू टाउन इलाके में शुक्रवार को सड़क किनारे झाड़ियों के अंदर से एक महिला का शव बरामद हुआ था। न्यू टाउन के लोहार पुल क्षेत्र के लोगों ने सुबह के समय महिला का शव देख पुलिस को सूचित किया। उस समय मृतका की पहचान नहीं हो पाई थी। विधाननगर शहर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने तब आशंका जताई थी कि महिला की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों ने ही शव को वहां फेंका होगा। (रिपोर्ट: ओंकार सरकार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।