1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कलकत्ता HC की जज के वकील पति ने राष्ट्रपति-PM से की शिकायत, कहा- बंगाल की CID मुझे परेशान कर रही

कलकत्ता HC की जज के वकील पति ने राष्ट्रपति-PM से की शिकायत, कहा- बंगाल की CID मुझे परेशान कर रही

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Dec 21, 2023 09:09 am IST,  Updated : Dec 21, 2023 09:09 am IST

कलकत्ता हाई कोर्ट के एक वरिष्ठ वकील ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिकायत की है। उनका कहना है कि पश्चिम बंगाल पुलिस की सीआईडी उन पर अपनी पत्‍नी के खिलाफ बयान देने के लिए दबाव डाल रही है।

न्यायाधीश अमृता सिन्हा- India TV Hindi
न्यायाधीश अमृता सिन्हा Image Source : IANS

कलकत्ता हाई कोर्ट के एक वरिष्ठ वकील जो अदालत की न्यायाधीश अमृता सिन्हा के पति भी हैं। उन्होंने बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिकायत की। उनका कहना है कि पश्चिम बंगाल पुलिस की सीआईडी उन पर अपनी पत्‍नी के खिलाफ बयान देने के लिए दबाव डाल रही है। प्रताप चंद्र डे ने लिखित शिकायत दी है, जिसे उन्होंने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी भेजी है।

बार एसोसिएशन में भी शिकायत

इससे पहले प्रताप चंद्र डे ने बार एसोसिएशन में इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई थी। डे ने सीआईडी पर उन्हें एक मामले में गवाह के रूप में बुलाने और उसके बाद अपनी पत्‍नी के खिलाफ बयान देने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया। पश्चिम बंगाल में स्कूल में नौकरी के लिए अभ्‍यर्थियों से करोड़ों रुपये वसूले जाने, विशेष रूप से एक कॉर्पोरेट इकाई के निदेशकों की संपत्ति से संबंधित मामले, जिनका नाम कथित स्कूल नौकरी घोटाले की केंद्रीय एजेंसी की जांच के दौरान सामने आया था। मामले की सुनवाई फिलहाल जस्टिस सिन्हा की बेंच कर रही है।

सीआईडी अधिकारियों ने दो बार बुलाया 

प्रताप चंद्र डे ने दावा किया कि उन्हें सीआईडी अधिकारियों ने दो बार बुलाया था और उन्हें सीआईडी कार्यालय में नौ घंटे से अधिक समय तक इंतजार कराया गया था। पता चला है कि डे ने अपना मोबाइल फोन जमा करने के सीआईडी का निर्देश का नहीं माना और इसके बजाय एजेंसी को एक जवाबी पत्र दिया। डे ने यह भी दावा किया कि उन पर अपनी पत्‍नी के खिलाफ बयान देने के लिए दबाव डालने के अलावा उन्हें लुभावने वादों से लुभाने की भी कोशिश की गई थी। उधर, सीआईडी की शिकायत में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद भी डे इस मामले की जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं।

- IANS इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।