कोलकाता: आर जी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर से रेप और हत्या के मामले में सीबीआई ने 11 पुलिसकर्मियों को पूछताछ के लिए बुलाया है। आज सुबह 11 बजे साल्ट लेक सीजीओ कॉम्प्लेक्स में सभी 11 पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है। बता दें कि 9 अगस्त की घटना के दौरान टाला पुलिस स्टेशन और आर जी कर चौकी में मौजूद सभी 11 पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है। पीड़िता अभया के माता-पिता ने हाल ही में दिल्ली में सीबीआई निदेशक से मुलाकात की थी। उन्होंने मामले के आईओ के खिलाफ निष्क्रियता की शिकायत की थी, जिसके बाद सीबीआई ने यह कदम उठाया है।
संजय रॉय को सुनाई सजा
बता दें कि इससे पहले 20 जनवरी को सत्र अदालत ने मामले के मुख्य आरोपी संजय रॉय को अपराध के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। शहर की एक अदालत संबंधित मामले की सुनवाई कर रही है, जिसमें आरजी कर के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष और पूर्व स्थानीय ताला ओसी अभिजीत मंडल को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में उन्हें जमानत दे दी गई। क्योंकि सीबीआई ने वैधानिक 90-दिन की अवधि के भीतर उनके खिलाफ कोई आरोपपत्र दायर नहीं किया।
घटना के समय चौकी में थे ये पुलिसकर्मी
रिपोर्ट्स के मुताबिक तलब किए गए पुलिसकर्मी ज्यादातर आरजी कर की पुलिस चौकी पर तैनात थे, जबकि कुछ पिछले साल 9 अगस्त और 10 अगस्त को स्थानीय ताला पुलिस स्टेशन में थे। प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ 9 अगस्त को बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद शहर में डॉक्टरों और नागरिकों द्वारा बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ था।
पीड़िता के पिता ने जताई नाराजगी
वहीं पीड़िता के माता-पिता ने न्याय में देरी को लेकर नाराजगी जाहिर की है। पीड़िता के माता-पिता 27 फरवरी को दिल्ली आए थे और शुक्रवार शाम कोलकाता अपने घर लौट गए। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वे न्याय की मांग को लेकर आंदोलन करेंगे, चाहे केंद्र और राज्य दोनों ही स्तर पर सत्ताधारी उदासीन बने रहें। पीड़ित के पिता ने कहा, ‘‘हम भीख नहीं मांग रहे हैं। हम न्याय की मांग कर रहे हैं लेकिन जब हमने राष्ट्रपति से समय मांगा तो हमें बताया गया कि उनके पास अभी समय नहीं है। नरेन्द्र मोदी और अमित शाह को भेजे गए हमारे दो ईमेल का कोई जवाब नहीं आया। क्या हम देश के नागरिक नहीं हैं? क्या हमारी बेटी देश की नागरिक नहीं थी?’’ (इनपुट- ओमकार)
यह भी पढ़ें-
दिल्ली के बजट के लिए आम लोगों की ली जाएगी राय, सीएम ने जारी किया व्हाट्सएप नंबर
ITBP जवानों के कैंप के पास हुआ भीषण हिमस्खलन, 200 मीटर पहले आकर रुका; सामने आया Video