कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी पर एक बार फिर तीखा हमला किया। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने अपने गढ़ (भवानीपुर) में भी जनाधार खो दिया है और उनका सियासी करियर खत्म हो गया है। उन्होंने भवानीपुर में जबरन वसूली और 'कट मनी' प्रथा को खत्म करने का वादा किया।
भवानीपुर के कैमक स्ट्रीट पर बीजेपी की ओर से आयोजित एक धन्यवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि ममता बनर्जी ने अपने ही गढ़ में जनाधार खो दिया है और अब उनका राजनीतिक करियर पूरी तरह समाप्त हो चुका है। भवानीपुर विधानसभा सीट पर ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक मतों के अंतर से शिकस्त देने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने तंज कसते हुए कहा, "वह (ममता) उस बूथ पर भी बढ़त हासिल करने में नाकाम रहीं, जहां उन्होंने खुद अपना वोट डाला था। बंगाल की जनता ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है। आपका सियासी करियर अब खत्म हो गया है। टाटा, बाय-बाय।"
'कट मनी' की प्रथा बर्दाश्त नहीं: CM
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर की जनता का आभार जताते हुए इलाके से भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि भवानीपुर में अब किसी भी तरह की जबरन वसूली और टीएमसी शासन के दौरान चलने वाली 'कट मनी' (कमीशनखोरी) की प्रथा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसे पूरी तरह खत्म करना उनकी सरकार की प्राथमिकता है।
"जमात की उड़ गई है नींद"
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सीमा पार के राजनीतिक समीकरणों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद से पड़ोसी देश की कट्टरपंथी राजनीतिक पार्टी 'बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी' की रातों की नींद उड़ गई है। अधिकारी ने कहा, "मैं ऐसी ताकतों से न तो डरता हूं और न ही उनके सामने कभी झुकूंगा।"
आंकड़ों के जरिए TMC को घेरा
शुभेंदु अधिकारी ने चुनावी नतीजों के आंकड़े सामने रखते हुए ममता बनर्जी और पूर्व मंत्री फिरहाद हाकिम को कटघरे में खड़ा किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मित्रा इंस्टीट्यूशन मतदान केंद्र के सभी चार बूथों पर बीजेपी ने भारी बढ़त हासिल की, जहां खुद ममता बनर्जी ने मतदान किया था। उन्होंने टीएमसी के कद्दावर नेता फिरहाद हाकिम पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चेतला गर्ल्स हाई स्कूल के जिन पांच बूथों पर हाकिम ने वोट डाला था, वहां भी जनता ने बीजेपी को ही बढ़त दिलाई है।
ये भी पढ़ें-
सुसाइड या कुछ और? छत पर जाती दिखी ट्विशा, फिर पति ने नीचे उतारा शव; नया CCTV फुटेज आया सामने
बीजेपी विधायक ने बिना हेलमेट पहन कर चलाई बुलेट, फिर पुलिस को फोन कर कहा- अब काटो मेरा चालान