1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'पुष्पा अब मेरी जिम्मेदारी', फलता में बोले CM शुभेंदु अधिकारी, जहांगीर खान को दी चेतावनी

'पुष्पा अब मेरी जिम्मेदारी', फलता में बोले CM शुभेंदु अधिकारी, जहांगीर खान को दी चेतावनी

 Reported By: Onkar Sarkar, Edited By: Shakti Singh
 Published : May 16, 2026 05:36 pm IST,  Updated : May 16, 2026 06:16 pm IST

शुभेंदु अधिकारी ने फलता की जनता से कम से कम एक लाख वोटों से बीजेपी उम्मीदवार को जिताने की अपील की। फलता में 21 मई को उपचुनाव हो रहा है और नतीजे 24 मई को आएंगे।

Suvendu Adhikari- India TV Hindi
शुभेंदु अधिकारी Image Source : PTI

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने फलता में कहा कि 'पुष्पा अब मेरी जिम्मेदारी है'। उन्होंने टीएमसी नेता जहांगीर खान को चेतावनी देते हुए कहा कि उनके मामले को सीएम खुद हैंडल करेंगे। जहांगीर खान ने एक वीडियो में खुद को पुष्पा बताया था। पुष्पा एक तस्कर का किरदार है, जिसे फिल्म में अल्लू अर्जुन ने निभाया था। दरअसल, पश्चिम बंगाल चुनाव में ड्यूटी लगने के बाद पुलिस अधिकारी अजय पाल शर्मा को सिंघम कहा गया था। सिंघम एक पुलिस अधिकारी का किरदार है, जिसे अजय देवगन ने निभाया था। अजय पाल शर्मा ने जहांगीर खान के परिजनों को चेतावनी देते हुए कहा था, "उसे बता देना, अगर उसके आदमी धमकी देते रहे तो हम उससे ठीक से निपटेंगे, फिर रोना या पछताना मत।" इसके जवाब में जहांगीर ने खुद को पुष्पा बताया था।

भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में शुभेंदु ने कहा कि फलता में पुनर्मतदान होने से लोगों को मतदान का अधिकार वापस मिलेगा, क्योंकि वे 10 वर्षों से मतदान नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा,"तृणमूल कांग्रेस ने हमारे कार्यकर्ताओं पर जो अत्याचार किए हैं, उन्हें नहीं भूला हूं। पुलिस को पूर्व में हुए राजनीतिक अपराधों के लिए प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा गया है।" शुभेंदु ने लोगों से कहा, "मैं भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री के रूप में आप से मांगने के लिए आया हूं। सिर्फ जीतना नहीं है, कम से कम 1 लाख वोटों से जीतना है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, गृहमंत्री ने जो कहा है, वह तो पूरा होगा ही। फलता के लिए अलग से स्पेशल पैकेज भी मिलेगा।"

फलता में लोग वोट नहीं डाल पाए

शुभेंदु ने कहा कि फलता में लोग 10 साल से वोट नहीं डाल पाए हैं। उन्होंने कहा, "फलता में वोटर विधानसभा, लोकसभा में वोट नहीं दे पाए। मैंने लोगों के साथ बात की है। मैंने उनसे पूछा कि कितने दिन से वोट नहीं डाल पाए, उन लोगों ने कहा जब से "भाई पो" है। इसका हिसाब होगा या नहीं? लेकिन आप कानून को हाथों पर न लें। पुलिस से मैंने कहा है कि पेन-पेपर लेकर बैठें और पिछले 5 सालों में जितनी भी शिकायतें नहीं ली गई थीं, अगर कोई उन मामलों की शिकायत करने आता है तो पुलिस को मामला दर्ज करना होगा।"

पुलिस को कॉल रिकॉर्ड जमा करने के निर्देश

शुभेंदु ने बताया कि उन्होंने बरईपुर पुलिस को पुलिस ऑफिसर का व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड जमा करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि सारे काम किसके आदेश पर किए गए, वह सब निकाल कर छोड़ेंगे। ये सामने आने पर सबको पता चलेगा कि पिछली सरकार कितना नीचे गई थी। मां काली से जुड़े मामले पर उन्होंने कहा कि जिस पुलिस ऑफिसर ने प्रिजन वैन पर उठाया था, उन पुलिस अधिकारी के लिए इस मां काली की भूमि में कोई जगह नहीं। सब फाइल खोली जाएंगी। अंत में उन्होंने कहा कि बीजेपी के शासन में सबका साथ, सबका विकास होगा और सबका विकास भी होगा।

चुनाव आयोग ने रद्द किया था फलता का मतदान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में फलता सीट पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान हुआ था, लेकिन बीजेपी ने दोबारा वोटिंग कराने की अपील की थी। कई बूथ के वीडियो सामने आए थे, जिनमें बीजेपी का चुनाव चिह्न सफेद रंग से ढंका हुआ था। इसके बाद चुनाव आयोग ने यहां का मतदान रद्द कर दिया था। अब यहां 21 मई को वोटिंग होगी और नतीजों का ऐलान 24 मई को होगा।

यह भी पढ़ें-

पश्चिम बंगाल: फालता पंचायत के वाइस प्रेसिडेंट गिरफ्तार, चुनाव के दौरान धमकियां देने वाले जहांगीर खान के हैं करीबी

पश्चिम बंगाल: आसनसोल में हंगामा, उपद्रवियों ने पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और पथराव किया, वाहनों को भी पहुंचाया नुकसान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।