उत्तर 24 परगना: नेपाल में सैलाब के कारण बड़ी आफत आई है। दिवंगत पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय की बहू शर्मिष्ठा भौमिक रॉय 21 अगस्त को नेपाल गई थीं और बीते बुधवार को वहां सैलाब आने के बाद से लापता हैं। शर्मिष्ठा, एक ट्रैवल एजेंसी के साथ नेपाल गई थीं। बुधवार से शर्मिष्ठा का कोई पता नहीं है।
मेरी पत्नी मिसिंग लिस्ट में हैं- शर्मिष्ठा के पति
शर्मिष्ठा के पति शुवरांग्शु रॉय ने बताया कि अब तक शर्मिष्ठा से किसी भी तरह से संपर्क नहीं कर पाए हैं। मेरी पत्नी मिसिंग लिस्ट में हैं। मेरी पत्नी अकेली नेपाल गई हैं। मैं एडमिनिस्ट्रेशन से संपर्क कर रहा हूं। मुझे अभी तक कोई खबर नहीं मिली है। वहीं, बच्चों के बारे में बताते हुए शुवरांग्शु ने कहा कि मेरा बेटा और बेटी मेरे साथ हैं।
नेपाल में एक हजार से ज्यादा लोग लापता
बता दें कि चीन से आए सैलाब ने नेपाल में भारी तबाही मचाई है। तिब्बत से सटे नेपाल के कई इलाके बर्बाद हो चुके हैं, कितने लोगों की मौत हुई है, कितने घायल हैं, कितने लापता हैं, इसकी अभी तक सही पिक्चर सामने नहीं आई है। हर घंटे नया अपडेट आ रहा है। ताजा अपडेट ये है कि नेपाल सरकार ने 270 मौत की पुष्टि की है और एक हजार से ज्यादा लोग लापता हैं। वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय ने जानकारी देते हुए कहा कि नेपाल में 288 भारतीय नागरिक लापता हैं।
चीन पर देर से सैलाब की जानकारी देने का आरोप
गौरतलब है कि सैलाब के साथ आई चट्टान और मलबा अपने साथ सैकड़ों लोगों को बहाते लेते चले गए। इसके बाद चीन पर आरोप लगा कि उसने नेपाल से जानकारी छिपाई। चीन ने ये बताने में काफी समय लिया कि तिब्बत में भारी तबाही आई है और ये पानी अपने साथ मलबे और बड़े-बड़े बोल्डर लेकर नेपाल की तरफ तेजी से बढ़ रही है।
नेपाल में चीनी दूतावास ने किया आरोपों का खंडन
लेकिन आज नेपाल में चीनी दूतावास ने इन आरोपों को खंडन किया है। चीनी दूतावास का कहना है कि ये तबाही नेपाल की तरफ भूकंप या ग्लेशियर टूटने से आई है, चीन की तरफ नहीं। लेकिन अमेरिकी Geological Survey ने कहा है कि तबाही तिब्बत में ग्लेशियर टूटने के कारण आई, ग्लेशियर टूटने की वजह से 5.2 की तीव्रता का भूकंप आया था।
ये भी पढ़ें- नेपाल में जलप्रलय क्यों आया, बार बार क्यों आती हैं बड़ी बड़ी प्राकृतिक आपदाएं 10 प्वाइंट्स में जानें