1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा का बंगाल दौरा, कहा-‘ममता का जाना निश्चित है, भाजपा का आना तय है’

BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा का बंगाल दौरा, कहा-‘ममता का जाना निश्चित है, भाजपा का आना तय है’

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 09, 2021 09:22 am IST,  Updated : Jan 09, 2021 04:31 pm IST

भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्धमान जिले से पार्टी के ‘‘एक मुट्ठी चावल संग्रह’’ अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि बंगाल की जनता ने मन बना लिया है कि अब ममता का जाना निश्चित है और बीजेपी का आना तय है।

BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा - India TV Hindi
BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा  Image Source : ANI/TWITTER

नयी दिल्ली:  भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्धमान जिले से पार्टी के ‘‘एक मुट्ठी चावल संग्रह’’ अभियान की शुरुआत कर दी है। जेपी नड्डा ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल की जनता ने मन बना लिया है। ममता का जाना निश्चित है और भाजपा का आना तय है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे। नड्डा ने कहा कि हम बंगाल में सरकार बनाएंगे और किसान सम्मान निधि लागू करेंगे। लाखों लोग इससे वंचित हैं लेकिन ममता जी ने इजाजत नहीं दी। अब जब जमीन खिसक चुकी है तब पछता रही हैं। अब पच्छावत होत क्या जब चिड़िया चुग गई खेत।

नड्डा एकदिवसीय दौरे पर आज बर्धमान पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। अपने इस दौरे में वह एक रोड शो किया। पिछले दौरे में जेपी नड्डा के काफिले पर हमला हुआ था। इस हमले की घटना के बाद नड्डा का यह पहला दौरा है।

जेपी नड्डा ने कहा कि ममता जी मोदी जी का नाम कहां-कहां से हटाएंगी। मोदी जी तो लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। ममता के धोखे से बंगाल के लोगों के दिलों में मोदी जी के प्रति प्यार बढ़ा है। ममता जी के शासन में भ्रष्टाचार चरम पर है। यहां तो अंतिम संस्कार के लिए भी कट मनी देना पड़ता है।

बर्धमान पहुंचने के बाद नड्डा ने सबसे पहले पूर्वी बर्धमान के कटवा के पास प्रसिद्ध श्री राधा गोबिंद मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद वे  जिले के ही जगदानंदपुर गांव में ‘‘कृषक सुरक्षा’’ ग्राम सभा को संबोधित कर राज्य भर में भाजपा द्वारा विधानसभा चुनाव से पहले आयोजित की जाने वाली 40,000 सभाओं की शुरुआत की।  उन्होंने जगदानंदपुर गांव में घर-घर जाकर ‘एक मुट्ठी चावल संग्रह’ अभियान की शुरुआत की। वे दिन भर बर्धमान जिले में किसानों के साथ ही बिताएंगे।’’ 

भाजपा की ओर से बताया कि इस कार्यक्रम के तहत 2021 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी राज्य के 73 लाख किसानों के घर-घर पहुंचेगी। पार्टी की ओर से कहा गया कि एक मुट्ठी चावल संग्रह अभियान भाजपा के लिए किसानों की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। नड्डा जगदानंदपुर गांव में ही एक किसान परिवार के घर दोपहर का भोजन करेंगे।’’ नड्डा का यह कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है जब दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन पिछले चार सप्ताह से जारी है। नड्डा बर्दवान क्लॉक टॉवर से लॉर्ड कर्जन गेट तक एक रोड शो करेंगे। 

तय कार्यक्रम के मुताबिक नड्डा बर्धमान में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे और उसके बाद पार्टी की कोर कमिटी के सदस्यों के साथ बैठक पर विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे। ज्ञात हो इसी साल के मध्य में पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव होने हैं। पार्टी ने वहां की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रखा है। लोकसभा चुनाव में राज्य की 18 सीटों पर जीत हासिल करने के बाद भाजपा का उत्साह और बढ़ा हुआ है। राज्य में चुनाव अभियान को धार देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी हर महीने राज्य का दौरा करने वाले हैं। 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।