पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में रविवार को ‘हिंदुओं के आध्यात्मिक जागरण’ के लिए भगवद् गीता का पाठ किया जा रहा है, जिसमें करीब पांच लाख श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजकों का दावा है कि गीता पाठ में अन्य लोगों के अलावा योग गुरु बाबा रामदेव भी शामिल होंगे। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
लोक भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल ‘ब्रिगेड परेड ग्राउंड’ में एक सभा को भी संबोधित करेंगे। आयोजकों का दावा है कि इस कार्यक्रम में करीब पांच लाख लोग शामिल होंगे। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रमुख धार्मिक हस्तियां भी इस कार्यक्रम में भाग ले सकती हैं।
दिल्ली से कोलकाता लौटे राज्यपाल
लोक भवन के अधिकारी ने बताया कि 'पंच लाखो कोंठे गीता पाठ' (एक साथ पांच लाख गीता पाठ) नामक इस कार्यक्रम का आयोजन सनातन संस्कृति संसद द्वारा किया जा रहा है, जो विभिन्न मठों और हिंदू धार्मिक संस्थानों से आए भिक्षुओं और आध्यात्मिक गुरुओं का एक समूह है। लोक भवन के एक अधिकारी ने कहा, "राज्यपाल को आयोजकों से निमंत्रण मिला है और वह आज इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी की अपनी यात्रा बीच में ही छोड़ दी और कल देर रात कोलकाता लौट आए।"
ममता बनर्जी को भी मिला आमंत्रण
जानकारी के मुताबिक आयोजकों ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया है। वहीं, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष, भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख समिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। (इनपुट- पीटीआई भाषा)
यह भी पढ़ें-
बाबरी मस्जिद की तरह यहां रखी गई नए राम मंदिर की नींव, साथ में अस्पताल-स्कूल का भी होगा निर्माण
'कोई इसकी एक ईंट भी नहीं हटा सकता, क्योंकि...', हुमायूं कबीर ने बंगाल में रखी बाबरी मस्जिद की नींव