1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता में दो गुटों के बीच झड़प में बरसाए गए बम, खूब चली गोलियां; 10 लोग गिरफ्तार

कोलकाता में दो गुटों के बीच झड़प में बरसाए गए बम, खूब चली गोलियां; 10 लोग गिरफ्तार

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Feb 02, 2026 10:25 am IST,  Updated : Feb 02, 2026 10:26 am IST

कोलकाता में दो गुटों के बीच हुई झड़प के दौरान बम फेंके गए और गोलियां बरसाई गईं, जिसमें दो लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता का पॉश इलाका गोलपार्क रविवार रात रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। रवींद्र सरोवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कंकुलिया रोड पर दो गुटों के बीच जबरदस्त झड़प हुई, जिसमें जमकर देसी बम फेंके गए और गोलियां चलाई गईं। इस हिंसा में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

कैसे भड़की हिंसा?

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे शुरू हुई। बताया जा रहा है कि दूसरे इलाके से आए युवकों का एक समूह कंकुलिया रोड में घुस गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों के साथ उनकी तीखी बहस हुई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया। उपद्रवियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए देसी बमों का इस्तेमाल किया। पुलिस को मौके से खाली कारतूस और छर्रे बरामद हुए हैं।

भीड़ ने सड़क पर खड़ी कई मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की। जब सुरक्षा बल स्थिति को संभालने पहुंचे, तो उत्तेजित भीड़ ने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाने की कोशिश की। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा, "हमने सोमवार तड़के तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य दोषियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और छापेमारी जारी है।"

इलाके में वर्चस्व की जंग?

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह पूरी हिंसा इलाके पर अपना वर्चस्व स्थापित करने के मकसद से की गई थी। घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और आश्वासन दिया कि सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वालों और डर का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त से सख्त कार्रवाई करेगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें-

"हम उनके खिलाफ खेलना ही क्यों चाहते हैं?", पाकिस्तान के T20 वर्ल्ड कप बहिष्कार पर बरसे इमरान मसूद

राजस्थान: कैंसर से जूझ रहे पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना का निधन, हाल ही में हुआ था ब्रेन हैमरेज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।