कोलकाता: पश्चिम बंगाल में दक्षिण कोलकाता के निजी स्कूल के वॉशरूम में तीसरी क्लास के एक स्टूडेंट को कथित तौर पर सांप ने काट लिया। यह घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है, जब स्कूल के वॉशरूम में लगभग डेढ़ फुट लंबे सांप ने कथित रूप से स्टूडेंट को काट लिया। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने बच्चे को शुरुआती इलाज के लिए स्कूल के सिक रूम में भेजा।
बच्चे के पैर पर निशान देखकर परिजन ले गए अस्पताल
हालांकि, परिवार का आरोप है कि बाद में स्टूडेंट को घर भेज दिया गया। घर पहुंचने पर माता-पिता ने बच्चे के पैर पर काटने के निशान देखे और चोट के बारे में पूछा, जिसके बाद उन्हें इस घटना के बारे में पता चला। परिवार के अनुसार, इसके बाद उन्होंने बिना देरी किए बच्चे को उपचार के लिए हॉस्पिटल ले जाने का फैसला किया।
अभी खतरे से बाहर है स्टूडेंट की स्थिति
इसके बाद, परिवार तुरंत बच्चे को बाईपास के पास एक निजी अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि घबराने की कोई बात नहीं है क्योंकि सांप जहरीला नहीं था। स्टूडेंट को निगरानी में रखा गया और वह अभी सुरक्षित है। हालांकि, इस घटना को लेकर अभी स्कूल प्रशासन और फैमिली दोनों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। फिलहाल स्टूडेंट की हालत सुरक्षित बताई जा रही है और उसकी सेहत पर नजर रखी जा रही है।
परिवार ने अभी तक पुलिस स्टेशन में नहीं दर्ज कराई शिकायत
इस बारे में परिवार के तरफ से अभी तक पुलिस स्टेशन में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मीडिया से भी बातचीत परिवार ने नहीं की है। हॉस्पिटल में इलाज के बाद स्टूडेंट की तबीयत फिलहाल स्थिर है। वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। घटना के बाद स्कूल कैंपस में सांप मिलने और बच्चे के काटने को लेकर व्यवस्था पर भी प्रश्न उठ रहे हैं।
वॉशरूम तक कैसे पहुंचा डेढ़ फुट लंबा सांप?
हालांकि, डेढ़ फुट लंबा सांप स्कूल के वॉशरूम में कैसे पहुंच गया, इसको लेकर स्थिति अभी पूरी तरह से साफ नहीं है। अभी से तीन साल पहले पश्चिम बंगाल के जिलों में बच्चों के मिड डे मील में सांप, चूहे और छिपकलियां मिलने से हड़कंप मच गया था।
ये भी पढ़ें- टॉयलेट सीट में छिपा बैठा था 7 फीट लंबा सांप, पूरा परिवार दहल गया; VIDEO देख आप भी सिहर उठेंगे