1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 16-18 जून के बीच दक्षिण बंगाल में दस्तक दे सकता है मानसून, IMD ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट

16-18 जून के बीच दक्षिण बंगाल में दस्तक दे सकता है मानसून, IMD ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 14, 2025 04:28 pm IST,  Updated : Jun 14, 2025 04:28 pm IST

मौसम विभाग के अनुसार 16-18 जून के बीच मानसून पश्चिम बंगाल में दस्तक दे सकता है। हालांकि, इससे पहले ही राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

भारतीय मौसम विभाग के अधिकारियों ने 16-18 जून के बीच मानसून के दक्षिण बंगाल पहुंचने की संभावना जताई है। मानसून ट्रैकर के अनुसार 26 मई को महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में मानसून ने दस्तक दी थी। इसके बाद यह सुस्त पड़ गया था। अब हालात मानसून के आगे बढ़ने के अनुकूल हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में दक्षिण बंगाल और मध्य भारत के साथ झारखंड और बिहार में भी मानसून की बारिश शुरू हो सकती है। 

शुक्रवार को जारी मौसम बुलेटिन में कहा गया है कि मौसम संबंधी विश्लेषण से संकेत मिलता है कि अगले दो दिनों के दौरान ओडिशा के कुछ हिस्सों में और उसके बाद के तीन दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।"

मानसून के दक्षिण बंगाल में पहुंचने की उम्मीद

उत्तर बंगाल में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 5 जून है। दक्षिण बंगाल के लिए यह तिथि 10 जून है। इस वर्ष, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 29 मई को ही उत्तर बंगाल में समय से पहले प्रवेश कर लिया। इसके बाद यह सुस्त पड़ गया था। अलीपुर क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विभाग के प्रमुख एचआर बिस्वास ने बताया, "बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे मानसून के दक्षिण बंगाल में पहुंचने की उम्मीद है।" भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 18 जून तक के अपने पूर्वानुमान में कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियों और बंगाल की खाड़ी से नमी के आने के कारण राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

Monsoon tracker
Image Source : IMDमानसून ट्रैकर

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के बुलेटिन में अगले सात दिनों तक पूरे दक्षिण बंगाल में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया गया है। सोमवार से बुधवार के बीच कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है, इसी दौरान मानसून के दक्षिण बंगाल में प्रवेश करने की उम्मीद है। सोमवार को दक्षिण 24-परगना, पूर्वी मिदनापुर और पश्चिमी मिदनापुर जिलों में भारी बारिश की संभावना है। मंगलवार को पूर्वी बर्दवान, पश्चिमी बर्दवान, बांकुरा, पुरुलिया, दक्षिण 24-परगना, झारग्राम और पश्चिमी मिदनापुर में भारी बारिश की संभावना है। बुधवार को बीरभूम, पश्चिमी बर्दवान, पुरुलिया और मुर्शिदाबाद में भारी बारिश की संभावना है।

उत्तर बंगाल में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "शनिवार और रविवार को कोलकाता में हल्की बारिश होने की उम्मीद है। सोमवार से बारिश की तीव्रता बढ़ जाएगी।" बुलेटिन में कहा गया है कि उत्तर बंगाल में 15 जून तक तथा उसके बाद 18 और 19 जून को भी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी बुलेटिन में कहा गया है कि दक्षिण बंगाल के उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर, कोलकाता, हावड़ा, हुगली, झारग्राम, पुरुलिया, बीरभूम और पश्चिम बर्धमान जिलों में 14 जून से 18 जून के बीच गरज के साथ बारिश और भारी बारिश होने की संभावना है। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।