1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. NRS मेडिकल कॉलेज में नर्स की संदिग्ध मौत से सनसनी, वॉशरूम में मिली थी बेहोश; CCTV खंगाल रही पुलिस

NRS मेडिकल कॉलेज में नर्स की संदिग्ध मौत से सनसनी, वॉशरूम में मिली थी बेहोश; CCTV खंगाल रही पुलिस

 Reported By: Onkar Sarkar Written By: India TV West Bengal Bureau Desk
 Published : Aug 13, 2026 09:02 pm IST,  Updated : Aug 13, 2026 09:06 pm IST

कोलकाता के NRS मेडिकल कॉलेज में नाइट ड्यूटी के दौरान करीब 30 साल की स्टाफ नर्स रूपाली बर्मन वॉशरूम में बेहोश मिलीं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस CCTV फुटेज, पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच के जरिए मौत की वजह का पता लगाने में जुटी है।

Kolkata Nurse Death case- India TV Hindi
कोलकाता के NRS मेडिकल कॉलेज में नर्स की संदिग्ध मौत Image Source : प्रतीकात्मक तस्वीर/INDIA TV

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के नील रतन सरकार मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NRS) में स्टाफ नर्स (30 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रूपाली बर्मन के रूप में हुई है। ड्यूटी के दौरान वह अस्पताल के वॉशरूम में गई थीं, जहां वह बेहोशी की हालत में  मिली। साथी कर्मचारियों ने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वॉशरूम का दरवाजा तोड़ा गया। रूपाली को बाहर निकालकर तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है।

देर तक जवाब नहीं मिलने पर तोड़ा दरवाजा

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, रूपाली बर्मन बुधवार रात 8 बजे ड्यूटी पर पहुंची थीं। वह अपने पति के साथ दमदम इलाके में रहती थीं। ड्यूटी ज्वाइन करने के बाद उन्होंने स्त्री रोग विभाग की हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) की नर्सिंग स्टेशन पर रिपोर्ट किया। इसके बाद उन्होंने एक मरीज की देखभाल भी की। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10:20 बजे वह HDU के वॉशरूम में गईं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनके साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने उन्हें आवाज लगानी शुरू की। कई बार बुलाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद सहकर्मियों को चिंता हुई और उन्होंने वॉशरूम का दरवाजा तोड़ दिया।

बेहोशी की हालत में मिली, इलाज के दौरान मौत

दरवाजा खुलने पर रूपाली अंदर फर्श पर बेहोशी की हालत में पड़ी मिलीं। सहकर्मियों ने उन्हें तुरंत ट्रॉली पर रखा और उनकी जांच की। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बाद में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती तौर पर शव पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। मौके से किसी सुसाइड नोट के बरामद होने की भी जानकारी नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ ऐसी दवा भी मिली है जिसका इस्तेमाल बेहोश करने के लिए किया जा सकता है। हालांकि, इसका मौत से क्या संबंध है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने गठित की जांच समिति

वॉशरूम के बाहर एक CCTV कैमरा लगा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, रूपाली के वॉशरूम में जाने के बाद की घटनाओं का कुछ हिस्सा CCTV में रिकॉर्ड हुआ है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कोलकाता पुलिस के DD Homicide Department ने अपने हाथ में ले ली है। फोरेंसिक टीम भी अस्पताल पहुंचकर घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाएगी। पुलिस जांच के अलावा पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य विभाग ने भी इस मामले की अलग से जांच शुरू कर दी है। विभाग की ओर से एक जांच समिति गठित की गई है।

रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

रूपाली बर्मन की मौत को लेकर अभी कई सवालों के जवाब मिलना बाकी है। यह स्पष्ट नहीं है कि वॉशरूम के अंदर उनके साथ क्या हुआ और वह किस वजह से बेहोश हुईं। पुलिस CCTV फुटेज, फोरेंसिक सबूत, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल पुलिस ने आत्महत्या की पुष्टि नहीं की है और मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही रूपाली बर्मन की मौत की वास्तविक वजह साफ होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ेंः अनंत महाराज से वापस लिया गया 'बंगा विभूषण' सम्मान, नेताजी पर की थी विवादित टिप्पणी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।